बिलासपुर नगर निगम को मिला दूरदर्शी नेतृत्व, आईएएस प्रकाश कुमार सर्वे ने संभाली कमान

न्यायधानी में नए युग की शुरुआत

बिलासपुर | नगर निगम के इतिहास में आज का दिन एक नए विकास अध्याय की शुरुआत के रूप में दर्ज हो गया, जब नवपदस्थ आईएएस प्रकाश कुमार सर्वे ने नगर पालिक निगम कमिश्नर एवं एमडी स्मार्ट सिटी के पद पर औपचारिक रूप से कार्यभार ग्रहण किया।
पदभार संभालते ही कमिश्नर सर्वे ने स्पष्ट किया कि शासन की योजनाओं का समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण और पारदर्शी क्रियान्वयन उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता होगी और हर कार्य में जनहित को केंद्र में रखा जाएगा।


अधिकारियों के साथ की समीक्षा बैठक


पदभार ग्रहण के पश्चात उन्होंने निगम एवं स्मार्ट सिटी से जुड़े वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक कर चल रही योजनाओं की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने कहा कि निगम के सभी कार्य जनसहयोग से ही सफल होंगे, जिससे विकास की गति और गुणवत्ता दोनों सुनिश्चित की जा सके।


स्वच्छता में देश में पहला स्थान लक्ष्य


कमिश्नर सर्वे ने कहा कि स्वच्छ सर्वेक्षण में बिलासपुर का देशभर में दूसरा स्थान प्राप्त करना गर्व की बात है, लेकिन अब लक्ष्य पहला स्थान हासिल करने का है। उन्होंने स्वच्छता को सतत प्रक्रिया बताते हुए नागरिक सहभागिता पर विशेष जोर दिया।


अरपा उत्थान बनेगा शहर की पहचान


अरपा नदी को बिलासपुर की जीवनरेखा बताते हुए उन्होंने कहा कि अरपा उत्थान एवं तट संवर्धन योजना को तय समयसीमा और गुणवत्ता के साथ पूर्ण किया जाएगा। नदी को प्रदूषण-मुक्त कर उसे शहर की नई पहचान बनाने के लिए ठोस कदम उठाए जाएंगे।
स्मार्ट सिटी व मूलभूत सुविधाओं पर विशेष फोकस
उन्होंने कहा कि स्मार्ट सिटी एवं नगर निगम अंतर्गत चल रहे विकास कार्यों को समय पर पूरा कराया जाएगा। साथ ही पेयजल, सड़क, सफाई, स्ट्रीट लाइट जैसी मूलभूत सुविधाएं आमजन को निर्बाध रूप से उपलब्ध कराना प्राथमिकता में रहेगा।

नए क्षेत्रों में भी पहुंचेगा विकास

नगर निगम सीमा में हाल ही में शामिल किए गए नए क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाएं और विकास कार्य शीघ्र सुनिश्चित किए जाएंगे।

टीम वर्क से बनेगा सुंदर बिलासपुर

कमिश्नर प्रकाश कुमार सर्वे ने कहा कोई भी कार्य अकेले संभव नहीं होता। बेहतर टीम वर्क और जनसहयोग से ही शहर को स्वच्छ, सुंदर और विकसित बनाया जा सकता है।”
इससे पूर्व प्रभारी कमिश्नर खजांची कुम्हार ने नवनियुक्त कमिश्नर को विधिवत रूप से पदभार सौंपा।विकास, स्वच्छता, पारदर्शिता और समयबद्ध कार्य— यही नए कमिश्नर का कार्यमंत्र होगा।बिलासपुर अब तेज़, टिकाऊ और समावेशी विकास की राह पर आगे बढ़ने को तैयार है।

Back To Top