भाजपा मंडल अध्यक्ष ने आदिवासी विधवा महिला से की छेड़छाड़ , पार्टी से निष्कासित…

भाजपा मंडल अध्यक्ष ने आदिवासी विधवा महिला से की छेड़छाड़ , पार्टी से निष्कासित
सर्व आदिवासी समाज व कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने थाने पहुंचकर दर्ज कराई एफ आई आर….

धमतरी। सिहावा नगरी। जिले में एक शर्मनाक घटना ने राजनीतिक हलकों में हड़कंप मचा दिया है। भाजपा मंडल अध्यक्ष मनोहर दास मानिकपुरी उम्र (45) पर एक आदिवासी विधवा महिला से छेड़छाड़ करने का गंभीर आरोप लगा है। घटना बोराई थाना क्षेत्र का है।

आरोप है की 3 अक्टूबर की शाम करीब 7 बजे भाजपा नेता अपने एक साथी के साथ कार से पीड़िता के घर पहुंचे। उन्होंने पानी मांगने का बहाना बनाकर घर में प्रवेश किया। जब महिला किचन में पानी भरने गई, तब आरोपी ने अकेलेपन का फायदा उठाकर छेड़छाड़ की कोशिश की।

महिला के शोर मचाने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए, जिससे आरोपी वहां से भाग निकला। बताया गया है कि आरोपी और पीड़िता पहले से एक-दूसरे को जानते थे।

घटना से आदिवासी समाज में आक्रोश
घटना के बाद से पीड़िता मानसिक रूप से आहत है और समाज में लोकलज्जा के डर से कुछ भी बोलने की स्थिति में नहीं है।

इस बीच, कांग्रेस विधायक अम्बिका मरकाम और पूर्व विधायक मोहन मरकाम ने पीड़िता से मुलाकात की और घटना की कड़ी निंदा की। उन्होंने कहा कि,आदिवासी अंचल में इस तरह की घटनाएं अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण हैं। आरोपी को कठोर सजा मिलनी चाहिए।”

महिलाओं की सुरक्षा पर उठे सवाल

घटना के बाद स्थानीय लोगों ने कहा कि अगर सत्ता से जुड़े व्यक्ति ही महिलाओं के साथ ऐसा व्यवहार करें, तो आमजन की सुरक्षा कैसे सुनिश्चित होगी? यह मामला महिला सुरक्षा की पोल खोलने वाला साबित हो रहा है।

एफआईआर दर्ज
सर्व आदिवासी समाज और कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बोराई थाना में एफआईआर दर्ज कराई है।
घटना के विरोध में सर्व आदिवासी समाज, कांग्रेस कार्यकर्ता और ग्रामीणों की भारी भीड़ थाने पहुंची। समाज के लोगों ने मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर आरोपी को जल्द गिरफ्तार किया जाए, ताकि पीड़िता को न्याय मिल सके।

कांग्रेस नेता मनोज साक्षी ने बताया कि बोराई थाने में एफआईआर दर्ज कर ली गई है।
उन्होंने कहा कि,यदि आरोपी की तत्काल गिरफ्तारी नहीं हुई तो शुक्रवार को प्रदर्शन किया जाएगा।”

मंडल अध्यक्ष पद से निष्कासित
भाजपा ने की तत्काल कार्रवाई, आरोपी निष्कासित
घटना के प्रकाश में आने के बाद भारतीय जनता पार्टी ने तत्काल कार्रवाई करते हुए मनोहर दास मानिकपुरी को मंडल अध्यक्ष पद से निष्कासित कर दिया है।
पार्टी ने स्पष्ट किया कि,“भाजपा अनुशासनहीन और आपराधिक प्रवृत्ति वाले किसी भी व्यक्ति को बर्दाश्त नहीं करेगें ।

Back To Top