गुप्तांग में डंडा डालकर की गई निर्मम हत्या
जशपुर के सन्ना थाना क्षेत्र का मामला
जशपुरनगर, 9 मार्च 2026।जशपुर जिले के सन्ना थाना क्षेत्र के ग्राम गट्टी महुआ में जादू-टोना के शक में एक महिला की बेरहमी से हत्या कर दी गई। इस सनसनीखेज मामले में पुलिस ने मृतिका के पति समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार मृतिका गोईदी बाई (48 वर्ष) पति ठूपन राम, निवासी ग्राम गट्टी महुआ का शव 6 मार्च को उसके घर में संदिग्ध हालत में मिला था। मृतिका के भाई सहलू राम (30 वर्ष) ने इसकी सूचना थाना सन्ना में दी थी।
मर्ग जांच के दौरान घटनास्थल पर खून के निशान मिले तथा मृतिका के गुप्तांग में गंभीर चोट के निशान पाए गए। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में यह स्पष्ट हुआ कि कठोर व भोंथरे वस्तु से गुप्तांग में गंभीर चोट पहुंचने के कारण महिला की हत्या हुई है। इसके बाद पुलिस ने बीएनएस की धारा 103(1) व 3(5) के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की।
जांच के दौरान सामने आया कि मृतिका की सौतन फुला बाई से उसका विवाद हुआ था। इसके बाद आरोपी ठूपन राम, फुला बाई, सुनील राम और सुरन्ती बाई के साथ मृतिका खेत के पास झोपड़ी में बैठकर हड़िया पी रही थी। इसी दौरान सुनील राम ने आरोप लगाया कि उसके घर में बच्चा नहीं होने और उसके पिता को कैंसर होने के पीछे मृतिका का जादू-टोना जिम्मेदार है।
इसी शक के चलते आरोपियों ने मृतिका को जमीन पर पटक दिया और उसके हाथ-पैर पकड़ लिए। इसके बाद सुनील राम और उसकी पत्नी सुरन्ती बाई ने लकड़ी के डंडे को मृतिका के गुप्तांग में डाल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आरोपियों ने शव को घर लाकर बिस्तर पर रखकर कंबल से ढक दिया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से हत्या में प्रयुक्त लकड़ी का डंडा भी बरामद कर लिया है।
गिरफ्तार आरोपियों के नाम
ठूपन राम (45 वर्ष)
फुला बाई (48 वर्ष)
सुनील राम (23 वर्ष)
सुरन्ती बाई (22 वर्ष)
सभी निवासी ग्राम गट्टी महुआ, थाना सन्ना, जिला जशपुर हैं।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी सन्ना उपनिरीक्षक संतोष सिंह, सहायक उपनिरीक्षक सिरद साय, महिला प्रधान आरक्षक पुन्नी यादव तथा आरक्षक प्रवीण सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

