जशपुर । पत्रकार मुकेश नायक के साथ हुई घटना को लेकर प्रदेशभर के पत्रकारों में आक्रोश व्याप्त है। इसी संबंध में पत्रकारों ने छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नाम ज्ञापन सौंपकर नियमपूर्वक जांच और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
पत्रकारों ने कहा कि मुकेश नायक द्वारा दी गई शिकायत अत्यंत गंभीर है, जिसने पूरे पत्रकार समाज को व्यथित किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि संबंधित विभाग के कुछ अधिकारियों द्वारा पत्रकारों पर अप्रत्यक्ष दबाव बनाने और धमकाने जैसी घटनाएँ पहले भी सामने आ चुकी हैं, जो प्रेस की स्वतंत्रता पर सीधा प्रहार है।
पत्रकारों ने कहा कि लोकतंत्र में मीडिया की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है। यदि पत्रकारों को ही दमन और धमकियों का सामना करना पड़े, तो जनहित के मुद्दे उठाना कठिन हो जाएगा। उन्होंने उम्मीद जताई कि मुख्यमंत्री इस गंभीर मामले पर त्वरित संज्ञान लेकर उचित कार्रवाई करेंगे।
ज्ञापन में मुख्यमंत्री से अनुरोध किया —
- घटना की स्वतंत्र व निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कठोर कार्रवाई की जाए।
- पत्रकारों की सुरक्षा सुनिश्चित करने हेतु स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी किए जाएँ।
- शासन की छवि खराब करने वाले अधिकारियों को जिले से हटाकर विभागीय कार्रवाई की जाए।
- स्वास्थ्य समेत जिले की मूलभूत सुविधाओं से जुड़ी लंबित समस्याओं का शीघ्र निराकरण किया जाए।

