मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के प्रति आभार जताने महिलाओं ने ‘थैंक यू विष्णु भैया‘ वाली राखी बांधी

बहनों के आगमन से गुलजार हुआ मुख्यमंत्री निवास

सब होही साँय-साँय वाली राखी से सजी मुख्यमंत्री की कलाई

रायपुर  (News27) 20.08.2024 । छत्तीसगढ़ में रक्षाबंधन का पर्व इस बार खास बन गया, जब राज्य की महिलाओं ने मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के प्रति अपने स्नेह और सम्मान को एक अनूठे तरीके से व्यक्त किया। महिलाओं ने मुख्यमंत्री के लिए विशेष रूप से राखियां बांधी, जो न केवल भाईचारे का, बल्कि उनकी सुरक्षा और कल्याण के प्रति महिलाओं के गहरे विश्वास का भी प्रतीक हैं। रक्षा बंधन पर्व पर आज प्रदेशभर से मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय को राखी बांधने बड़ी संख्या में आई महिला बहनों से मुख्यमंत्री निवास गुलजार रहा।

महिलाओं की भावनाएं-

मुख्यमंत्री को राखी बांधने आई महिला समूह की सदस्यों ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय की सरकार राज्य में महिलाओं के सशक्तिकरण और उनके अधिकारों की रक्षा के लिए लगातार काम कर रही हैं। उनके इस समर्पण को देखते हुए हमने सोचा कि इस रक्षाबंधन पर उनके प्रति अपनी भावनाओं को विशेष तरीके से व्यक्त किया जाए। राखी बांधना तो एक परंपरा है, लेकिन हमारे लिए यह एक संदेश देने का भी तरीका है कि हम उनके नेतृत्व पर विश्वास करते हैं और उन्हें अपना भाई मानते हैं। इसलिए महिलाओं ने मुख्यमंत्री का ‘थैंक यू विष्णु भैया‘ वाली राखी बांधकर आभार व्यक्त किया।

इस राखी के निर्माण में शामिल महिलाओं ने राखियां बनाकर यह संदेश दिया कि वे उनके द्वारा किए गए कार्यों की सराहना करती हैं और उन्हें अपने परिवार का हिस्सा मानती हैं।

मुख्यमंत्री की प्रतिक्रिया-

मुख्यमंत्री श्री साय ने महिलाओं की इस अनूठी पहल पर खुशी जताई और कहा कि यह मेरे लिए बड़े सम्मान की बात है। बहनों ने आज जो स्नेह दिया है, उससे अभिभूत हूं। उन्होंने कहा कि प्रदेश के सभी बहनों की उम्मीदों पर खरा उतरने लिए निरंतर कार्य करता रहूंगा। उन्होंने आगे कहा कि यह राखी केवल एक धागा ही नहीं, बल्कि उनके प्रति हमारे कर्तव्यों और जिम्मेदारियों की भी याद दिलाती है। मुख्यमंत्री निवास में आज रक्षा बंधन के अवसर पर विभिन्न क्षेत्रों में बड़ा मुकाम हासिल कर चुकी महिलाएं और बच्चियां पहुंची थी। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने महिलाओं से कहा कि आप सभी की उपलब्धियां हमें गौरवांन्वित करती है। आप सभी अपनी रूचि के अनुसार क्षेत्र चुने और उसमें आगे बढ़े।

बहनों की राखी के फर्ज को मुख्यमंत्री हर महीने पहली तारीख को कर देते हैं पूरा

राजधानी रायपुर के तेलीबांधा निवासी गृहणी श्रीमती जैबुन निशा का कहना है कि छत्तीसगढ़ सरकार ने अपनी जनहितैषी नीतियों से समाज के सभी वर्गों सहित महिलाओं में आत्मसम्मान की भावना को बढ़ाया है। महतारी वंदन योजना से महिलाओं और बहनों का मान-सम्मान बढ़ा है।

राज्य की महिलाओं की बेहतरी के लिए मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय की सरकार ने महिलाओं के लिए बहुत अच्छा काम किया है। उनकी चार लड़कियों की शादी होने के बाद उन्हें भी शासन की योजना का लाभ मिल रहा है। उनका राशन कार्ड और आयुष्मान कार्ड भी बना हुआ है। उन्होंने बताया कि उम्रदराज होने पर उन्हें आए दिन स्वास्थ्यगत समस्या आते रहती है। स्वास्थ्यगत समस्या में महतारी वंदन योजना से एक हजार रुपए मिलने वाली राशि और आयुष्मान कार्ड से बहुत मदद मिल जाती है।

मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय को रक्षाबंधन के पावन पर्व पर ब्रह्मकुमारी बहनों ने बांधी राखी

रक्षाबंधन के पावन अवसर पर मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के निवास कार्यालय में प्रजापिता ब्रह्मकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय रायपुर की संचालिका ब्रह्मकुमारी सविता बहन एवं ब्रह्मकुमारी रश्मि बहन ने मुलाकात कर मुख्यमंत्री श्री साय को राखी बांधी और उनके स्वस्थ, सुदीर्घ और खुशहाल जीवन के लिए मंगलकामनाएं की। मुख्यमंत्री श्री साय ने इस स्नेह और सम्मान के लिए ब्रह्मकुमारी दीदीयों का आभार प्रकट किया।

मुख्यमंत्री को रक्षा सूत्र बांधकर ट्रांसजेंडर, स्वच्छता दीदियों, दिव्यांग और आदिवासी बच्चियों ने मनाया रक्षाबंधन

मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय को आज रक्षाबंधन पर्व पर मुख्यमंत्री निवास पहुंचकर बड़ी संख्या में बहनों और बच्चियों ने राखी बांधी। इस मौके पर ट्रांसजेंडरों ने भी मुख्यमंत्री निवास पहुंचकर मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय को राखी बांधी और उनके सुखद-समृद्ध जीवन के लिए दुआएं दी। भारत में पहली बार है कि ट्रांसजेंडर मुख्यमंत्री निवास पहुंचकर मुख्यमंत्री को राखी बांधकर इस रक्षाबंधन पर्व को खास ढंग से मनाया।

इस मौके पर स्वच्छता दीदियां, दिव्यांग बच्चे और महतारी वंदन योजना की लाभार्थी बहनों ने मुख्यमंत्री को राखी बांधकर उनके खुशहाल जीवन कामना की। मुख्यमंत्री ने सभी बहनों और बच्चियों को उपहार भेंट किए और उनके सुरक्षा, सम्मान और समृद्धि के लिए अपनी प्रतिबद्धता जताई।

———————————————————

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back To Top