मुख्यमंत्री साय ने छठ घाट पर दिया अर्घ्य, बोले आस्था और संस्कारों का पर्व हमें जोड़ता है

दुलदुला छठ घाट का होगा सौंदर्यीकरण, मुख्यमंत्री ने की घोषणा

जशपुरनगर, 27 अक्टूबर 2025।छठ महापर्व के अवसर पर दुलदुला छठ घाट आज श्रद्धा और आस्था से सराबोर रहा। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और उनकी धर्मपत्नी श्रीमती कौशल्या साय ने यहां पहुँचकर डूबते सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया और प्रदेशवासियों के सुख, शांति और समृद्धि की कामना की।

मुख्यमंत्री ने श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए कहा कि “छठ पूजा सिर्फ एक धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि हमारी संस्कृति, पवित्रता और लोक परंपरा का प्रतीक है। यह पर्व हमें परिवार और समाज से गहराई से जोड़ता है।”

उन्होंने आगे कहा कि दुलदुला क्षेत्र की जनभावनाओं का सम्मान करते हुए छठ घाट के सौंदर्यीकरण का कार्य शीघ्र प्रारंभ किया जाएगा, ताकि आने वाले वर्ष में श्रद्धालु बेहतर सुविधाओं के साथ पूजा कर सकें।

मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश में धार्मिक और सांस्कृतिक स्थलों के संरक्षण को प्राथमिकता दी जा रही है। उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि कुनकुरी छठ घाट का विकास कार्य 5 करोड़ से अधिक की लागत से पूरा किया गया है, जिससे श्रद्धालुओं को स्थायी सुविधा मिली है।

कार्यक्रम में जिला पंचायत उपाध्यक्ष शौर्य प्रताप सिंह जूदेव, जनपद अध्यक्ष रामकुमार सिंह, आईजी दीपक झा, कलेक्टर रोहित व्यास, एसपी शशि मोहन सिंह, जनप्रतिनिधि, ग्रामीण और व्रती महिलाएँ बड़ी संख्या में उपस्थित थीं।

छठ महापर्व की आध्यात्मिक महत्ता

सूर्य देव और छठी मैया की उपासना को समर्पित यह पर्व निष्ठा, संयम और पवित्रता का प्रतीक माना जाता है। व्रती महिलाएँ चार दिनों तक कठिन उपवास रखकर परिवार की मंगलकामना करती हैं।
घाटों पर सामूहिक पूजा और प्रसाद वितरण से सामाजिक एकता और भाईचारे का संदेश भी मिलता है।

Back To Top