मुख्यमंत्री से मिले एनएचएम कर्मचारी, नियमितीकरण की मांग पर मिला आश्वासन

29वें दिन भी जारी रही हड़ताल, स्वास्थ्य सेवाएं बुरी तरह प्रभावित

जशपुरनगर।। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) कर्मचारियों की अनिश्चितकालीन हड़ताल सोमवार को 29वें दिन भी जारी रही। जिले भर की स्वास्थ्य सेवाएं चरमराने से मरीजों को निजी अस्पतालों का रुख करना पड़ रहा है, जिससे आर्थिक बोझ और असुविधा बढ़ गई है।

मुख्यमंत्री से भेंट

विगत शनिवार को जशपुर प्रवास पर आए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से एनएचएम संघ पदाधिकारियों ने मुलाकात कर नियमितीकरण सहित 10 सूत्रीय मांगें रखीं। मुख्यमंत्री ने उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए आश्वासन दिया कि शीघ्र ही सकारात्मक निर्णय लिया जाएगा और स्वास्थ्य मंत्री को इस संबंध में निर्देशित किया गया है।

जिला पंचायत अध्यक्ष का समर्थन

एनएचएम संघ ने जिला पंचायत अध्यक्ष सालिक साय से भी भेंट की। उन्होंने कर्मचारियों की मांगों को जायज बताते हुए कहा कि वे मुख्यमंत्री से बात कर समाधान की पहल करेंगे।

इंतज़ार में कर्मचारी

संघ पदाधिकारियों का कहना है कि मुख्यमंत्री से चर्चा सकारात्मक रही, लेकिन जब तक मांगों पर लिखित आदेश जारी नहीं होता, तब तक हड़ताल समाप्त नहीं होगी।

इस बीच सवाल अब भी वही है— शासन कब ठोस कदम उठाएगा और आम जनता को राहत कब मिलेगी?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back To Top