
महाजेनको की जीपी-II कोयला खदान परियोजना से आएगा बड़ा बदलाव
रायगढ़। तमनार तहसील के 14 गाँवों के करीब 4000 परिवारों की किस्मत अब बदलने जा रही है। महाराष्ट्र राज्य पॉवर जनरेशन कंपनी लिमिटेड (महाजेनको) की गारे पल्मा सेक्टर-II कोयला खदान परियोजना इन परिवारों को करोड़पति बनाने का रास्ता खोल रही है।
परियोजना के तहत लगभग 2000 हेक्टेयर निजी भूमि अधिग्रहित की जाएगी। इसके बदले भूमि मालिकों को प्रति एकड़ 35 लाख रुपए का मुआवजा और 2435 करोड़ रुपए का पुनर्वास-पुनःस्थापन पैकेज मिलेगा। पैकेज में आवास, आधारभूत सुविधाएँ और दीर्घकालिक आजीविका का प्रावधान शामिल है।
इस खदान में 7500 करोड़ रुपए का निवेश प्रस्तावित है। संचालन शुरू होने के बाद यहाँ से 3400 प्रत्यक्ष और हजारों अप्रत्यक्ष रोजगार सृजित होंगे। परियोजना से हर साल 23.6 मिलियन टन कोयला उत्पादन होगा, जिससे राष्ट्रीय ग्रिड को 3200 मेगावॉट से अधिक बिजली की आपूर्ति होगी।
महाजेनको के मुताबिक, खदान के जीवनकाल में राज्य और केंद्र सरकार को 30,000 करोड़ रुपए रॉयल्टी, जीएसटी और अन्य करों से प्राप्त होंगे। वहीं, पर्यावरणीय संतुलन के लिए कंपनी ने 2256.60 हेक्टेयर भूमि पर 56 लाख पौधे लगाने का संकल्प लिया है।
ग्रामीणों में इस योजना को लेकर उत्साह साफ देखा जा रहा है। लोग नए मकान बनाने, व्यवसाय शुरू करने और बच्चों की पढ़ाई को लेकर योजनाएँ बनाने लगे हैं।

