रावण दहन में गुंडागर्दी करने वालों पर एफआईआर

दुर्गा पूजा समिति बोली, “भूल की माफी है, अपराध का दंड ज़रूरी”

कुनकुरी, 5 अक्टूबर 2025।दशहरा पर्व के दौरान धार्मिक आयोजन में अव्यवस्था फैलाने, बिना अनुमति रावण दहन करने और समिति सदस्यों से गाली-गलौज व मारपीट करने के आरोप में व्यवसायी पंकज अग्रवाल और उसके भाई नीरज अग्रवाल के खिलाफ थाना कुनकुरी में एफआईआर दर्ज की गई है।

घटना 2 अक्टूबर 2025 की है, जब सनातन धर्म समिति द्वारा दशहरा मैदान कुनकुरी में रावण दहन का आयोजन किया गया था। मुख्य अतिथि और राम-लक्ष्मण के पहुंचने से पहले ही पंकज अग्रवाल ने परंपरा का उल्लंघन करते हुए रावण को जला दिया। इस दौरान विवाद, मारपीट और धमकी की स्थिति उत्पन्न हुई, जिससे कार्यक्रम में अफरा-तफरी मच गई।

समिति अध्यक्ष दीपक हेडा ने थाना कुनकुरी में लिखित शिकायत दर्ज कराई, जिसके आधार पर पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 296, 315(2), 351(2), 300 और 3(5) के तहत अपराध दर्ज किया है।

थाना प्रभारी राकेश यादव ने बताया कि दोनों आरोपी फरार हैं और उनकी तलाश जारी है। दीपक हेडा ने बताया कि पंकज अग्रवाल को मौके पर समझाया गया था, लेकिन उसने सोशल मीडिया पर अपनी हरकत का वीडियो अपलोड करते हुए लिखा — “मुझे न पैसे की परवाह है, न पावर का खौफ।”

इस पोस्ट के बाद नगर में आक्रोश फैल गया। समिति के सदस्यों ने कहा कि यह कार्रवाई भविष्य में धार्मिक आयोजनों में अव्यवस्था फैलाने वालों के लिए चेतावनी है।

“भूल की माफी है, पर अपराध का दंड ज़रूरी है।” — दीपक हेडा, अध्यक्ष, सनातन धर्म दुर्गा पूजा समिति, कुनकुरी।

Back To Top