राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु के हाथों जारी होगी राज्य की 70 लाख महिलाओं को दीवाली से पहले 1000-1000 रुपये की राशि

महतारी वंदन योजना के तहत दी जा चुकी है 5227 करोड़ रूपए की आर्थिक मदद

रायपुर (News27) 25.10.2024 । राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु 25 अक्टूबर को छत्तीसगढ़ राज्य की 70 लाख महिलाओं को दीवाली से पहले महतारी वंदन योजना की 9वीं किश्त की राशि 651.37 करोड़ रूपए रिमोट बटन दबाकर उनके बैंक खातों में ऑनलाईन अंतरित करेंगी। महतारी वंदन योजना के अंतर्गत 9वीं किश्त की राशि के वितरण का यह आयोजन संध्या 5.15 बजे से साढ़े 6 बजे तक नवा रायपुर स्थित पुरखौती मुक्तांगन में होगा।
गौरतलब है कि छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा महिलाओं के आर्थिक स्वावलंबन एवं सशक्तिरण को बढ़ावा देने, उनके सामाजिक और पारिवारिक स्थिति को सुदृढ़ बनाने, लिंग विभेद एवं असामानता को दूर करने के उद्देश्य से महतारी वंदन नामक अभिनव योजना संचालित की जा रही है। इस योजना का शुभारंभ 10 मार्च 2024 को प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने किया था। यह योजना राज्य में एक मार्च 2024 से लागू की गई है।
महतारी वंदन योजना के तहत 21 वर्ष से अधिक आयु की राज्य की लगभग 70 लाख महिलाओं को प्रतिमाह एक हजार रूपए की वित्तीय सहायता राज्य सरकार द्वारा प्रदान की जा रही है। राज्य में अब तक हितग्राही महिलाओं को 8 मासिक किश्तों में 5227 करोड़ रूपए का भुगतान डीबीटी के माध्यम से किया गया है। हितग्राही महिलाओं के खाते में 9वीं किश्त की राशि का अंतरण राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु 25 अक्टूबर को करेंगी। इस अवसर पर महतारी वंदन योजना की दो हितग्राही महिलाएं राष्ट्रपति के समक्ष अपने अनुभव भी साझा करेंगी।
राष्ट्रपति श्रीमती मुर्मु इस मौके पर पुरखौती मुक्तांगन में निर्मित सरगुजा प्रखण्ड का लोकार्पण करेंगी। राज्यपाल श्री रमेन डेका राष्ट्रपति श्रीमती मुर्मु को आदिम जाति कल्याण विभाग द्वारा प्रकाशित पुस्तकों की प्रथम प्रतियां भेंट करेंगे। इस मौके पर श्रीमती मुर्मु स्थानीय जनजाति समुदाय के लोगों से भी मुलाकात एवं चर्चा करेंगी। -फाईल फोटो

————————————————-

यह भी पढ़ें:-

मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने की राज्योत्सव 2024 की तैयारियों की समीक्षा

अटलनगर नवा रायपुर में 4 से 6 नवंबर तक होगा राज्योत्सव का आयोजन

रायपुर (News27) 25.10.2024 । मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने आज अपने निवास कार्यालय में राज्योत्सव 2024 की तैयारियों की समीक्षा की। नया रायपुर स्थित राज्योत्सव स्थल पर 4 से 6 नवंबर तक राज्योत्सव का आयोजन किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री की अपील : प्रदेशवासी राज्योत्सव के अवसर पर अपने घरों में दीप प्रज्ज्वलित कर दीपोत्सव के साथ राज्योत्सव मनाएं

मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने प्रदेशवासियों से राज्योत्सव के अवसर पर 1 नवंबर को अपने -अपने घरों में दीप प्रज्ज्वलित कर दीपोत्सव के साथ राज्योत्सव उत्सव मनाने की अपील की है। राज्योत्सव के अवसर पर नवा रायपुर, अटलनगर में 10 हजार दीप प्रज्ज्वलित किए जाएंगे। मुख्यमंत्री ने सभी शहरों और गांव में नागरिकों से 1 नवंबर की शाम को अपने-अपने घरों में दीप प्रज्ज्वलित करने की अपील की है।

आम जनता के लिए राज्योत्सव स्थल तक आने जाने के लिए बस की सुविधा उपलब्ध रहेगी

नया रायपुर के राज्योत्सव स्थल तक आने जाने के लिए आम जनता को परिवहन की सुविधा रियायती दर पर उपलब्ध कराई जाएगी। राज्योत्सव के दौरान आयोजन स्थल पर प्रत्येक दिन शाम को सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे ।

संस्कृति संध्या में वॉलीवुड सिंगर शान, नीति मोहन, इंडियन आइडल विजेता पवनदीप और अरुनिदिता होंगे आकर्षण का केंद्र

सांस्कृतिक संध्या में 4 नवंबर को बॉलीवुड सिंगर श्री शांतनु मुखर्जी (शान) का कार्यक्रम आयोजित किया गया है।
5 नवंबर को बॉलीवुड सिंगर नीति मोहन का कार्यक्रम होगा।
6 नवंबर की शाम को इंडियन आइडल विजेता पवनदीप और अरुनिदिता का कार्यक्रम मुख्य आकर्षण का केंद्र होगा।

6 नवंबर को राज्य अलंकरण समारोह

राज्योत्सव के आखिरी दिन 6 नवंबर को राज्य अलंकरण समारोह का आयोजन किया जाएगा जिसमें विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले व्यक्तियों और संस्थाओं को राज्य अलंकरण से सम्मानित किया जाएगा।

विकास प्रदर्शनी प्रमुख योजनाओं को प्रदर्शित किया जाएगा

राज्योत्सव स्थल पर विभिन्न विभागों द्वारा प्रमुख विभागीय योजनाओं पर केंद्रित प्रदर्शनी लगाई जाएगी। निजी संस्थानों और पीएसयू संस्थानों के लिए भी हैंगर बनाया जाएगा। कृषि और जल संसाधन विभाग द्वारा भी प्रदर्शनी लगाई जाएगी। प्रदर्शनी में विभागों की नई योजनाएं प्रमुखता से प्रदर्शित की जाएगी।

शिल्पग्राम, फूड कोर्ट, फैन पार्क होंगे आकर्षण का केंद्र

राज्योत्सव आयोजन स्थल पर शिल्पग्राम, फूड कोर्ट भी बनाया जाएगा। यहां ट्राइबल फूड भी उपलब्ध होगा। बच्चों के लिए फन पार्क भी बनाया जाएगा जहां विभिन्न झूले होंगे।

बैठक में मुख्यमंत्री के कृषि एवं नीति सलाहकार श्री धीरेन्द्र तिवारी, मुख्य सचिव श्री अमिताभ जैन, मुख्यमंत्री के सचिव श्री पी.दयानंद और श्री राहुल भगत, संस्कृति विभाग के सचिव श्री अन्बलगन पी. संचालक श्री विवेक आचार्य सहित वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित थे।

—————————————————————————-

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back To Top