चाईबासा झारखंड से जशपुर लाया जा रहा था अवैध तंबाखू
जशपुर। लोदाम क्षेत्र में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध तंबाकू से भरी एक पिकअप वाहन को जप्त किया है। शनिवार 07 दिसम्बर को थाना लोदाम पुलिस द्वारा लोदाम स्थित मंडी बैरियर के पास नेशनल हाईवे-43 पर संदिग्ध वाहनों की चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान झारखंड की ओर से आ रही पिकअप वाहन क्रमांक JH 01-ER-6092 को रोककर जांच की गई।
तलाशी लेने पर वाहन में 100 बोरी कच्ची तंबाखू बरामद हुई। पिकअप चालक ने अपना नाम गौतम भगत (उम्र 28 वर्ष), निवासी – सरनाटोली, थाना सिटी कोतवाली जशपुर बताया। पुलिस पूछताछ में उसने बताया कि वह तंबाखू की यह खेप चाईबासा (झारखंड) से जशपुर ला रहा था। उसके पास से दो रसीदें मिलीं, जिनमें माल भेजने वाले का नाम M/s न्यू प्रसाद ब्रदर्स, चाईबासा दर्ज था तथा 100 बोरी तंबाखू का मूल्य 1,11,360 रुपये अंकित था।
जब पुलिस ने तंबाखू परिवहन से संबंधित वैध दस्तावेज मांगे, तो चालक कोई भी दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। इस पर थाना लोदाम पुलिस ने BNS की धारा 106 के तहत कार्रवाई करते हुए पिकअप वाहन सहित 100 बोरी तंबाखू को जप्त कर लिया।
पुलिस के अनुसार, पिछले 09 दिनों में लोदाम क्षेत्र से तीन ट्रकों में भरी कुल 471 बोरी अवैध तंबाखू पूर्व में भी जप्त की जा चुकी है। नशे के कारोबार के खिलाफ यह लगातार की जा रही कार्रवाई का हिस्सा है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी लोदाम निरीक्षक हर्षवर्धन चौरासे, प्रधान आरक्षक प्रदीप लकड़ा, एवं आरक्षक अमर बेक की विशेष भूमिका रही।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर शशि मोहन सिंह ने बताया कि नशे के खिलाफ जशपुर पुलिस जीरो टॉलरेंस नीति पर कार्य कर रही है। लोदाम क्षेत्र में 100 बोरी अवैध तंबाखू की जब्ती उसी अभियान का हिस्सा है। आगे भी ऐसी कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।।

