समाज सेवा के क्षेत्र में सक्रिय भूमिका को मिली नई जिम्मेदारी
अविनाश वाधवा
तिल्दा–नेवरा। नगर पालिका परिषद के पूर्व उपाध्यक्ष, प्रतिष्ठित समाजसेवी एवं पूज्य सिंधी पंचायत तिल्दा के कार्यकारी अध्यक्ष विकास सुखवानी को छत्तीसगढ़ सिंधी सेवा महापंचायत का प्रदेश उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया है। उनकी नियुक्ति महापंचायत के प्रदेश अध्यक्ष अमर गिदवानी की अनुशंसा पर महासचिव जितेंद्र बड़वानी द्वारा की गई। इस महत्वपूर्ण दायित्व के साथ सुखवानी को प्रदेश स्तर पर संगठन को सशक्त, सक्रिय एवं संगठित करने की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
विकास सुखवानी लंबे समय से सामाजिक, धार्मिक एवं जनकल्याणकारी गतिविधियों में अग्रणी भूमिका निभाते रहे हैं। पूज्य सिंधी पंचायत तिल्दा के कार्यकारी अध्यक्ष के रूप में उन्होंने समाज के विभिन्न कार्यक्रमों, सेवा गतिविधियों एवं संगठनात्मक कार्यों में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। उनके अनुभव, नेतृत्व क्षमता, संगठन कौशल एवं समाज के प्रति समर्पण को देखते हुए संगठन ने उन्हें यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है।
नियुक्ति पर पूज्य सिंधी पंचायत तिल्दा के अध्यक्ष शमनलाल खूबचंदानी, सचिव किशोर सेतपाल, चेयरमैन भीमसेन भोजवानी, संरक्षक हीरानंद हरिरमानी, परमानंद बालचंदानी, सुरेश लखवानी सहित अन्य गणमान्य नागरिकों एवं समाज के वरिष्ठजनों ने हर्ष व्यक्त करते हुए सुखवानी को शुभकामनाएं प्रेषित कीं। सभी ने विश्वास व्यक्त किया कि उनके नेतृत्व में समाज सेवा के कार्यों को नई ऊर्जा एवं गति प्राप्त होगी तथा संगठन को प्रदेशभर में नई पहचान मिलेगी।
इस अवसर पर विकास सुखवानी ने संगठन के शीर्ष नेतृत्व एवं समाज के वरिष्ठजनों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे इस दायित्व को पद नहीं, बल्कि सेवा का अवसर मानते हैं। उन्होंने आश्वस्त किया कि समाज की एकता, शिक्षा के प्रसार, संस्कारों के संरक्षण तथा सांस्कृतिक मूल्यों के संवर्धन के लिए वे पूर्ण निष्ठा एवं समर्पण के साथ कार्य करेंगे तथा संगठन की गरिमा और प्रतिष्ठा को नई ऊंचाइयों तक ले जाने का हर संभव प्रयास करेंगे।

