शासकीय हाई स्कूल बोरई में मनाया गया मुख्यमंत्री शिक्षा गुणवत्ता अभियान


नगरी/सिहावा। छत्तीसगढ़ शासन के स्कूल शिक्षा विभाग के निर्देशानुसार आज शासकीय हाई स्कूल बोरई में मुख्यमंत्री शिक्षा गुणवत्ता अभियान का आयोजन किया गया। यह अभियान राज्य के सभी सरकारी विद्यालयों में शिक्षा की गुणवत्ता बढ़ाने, विद्यार्थियों की सीखने की दक्षता का आकलन करने और सामुदायिक सहभागिता को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से आयोजित किया जा रहा है।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एसएमडीसी अध्यक्ष तुलसीराम यादव थे, जिनका स्वागत प्राचार्य आर.एस. नेताम ने किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्राचार्य ने करते हुए बच्चों और उपस्थित अभिभावकों को शिक्षा के महत्व और गुणवत्ता अभियान के उद्देश्य के बारे में अवगत कराया।

इस अवसर पर नोडल अधिकारी अश्वनी कुमार बंधु ने विद्यार्थियों से विषयवार और शाला संबंधित प्रश्न पूछकर उनकी समझ और ज्ञान का परीक्षण किया। उन्होंने बच्चों की प्रतिक्रियाओं का विश्लेषण करते हुए उनके सीखने की दक्षता को बढ़ाने के लिए उपयोगी सुझाव दिए। व्याख्याता भुनेश्वर माझी, अजय कुमार टंडन, अनुराधा जैन एवं गजेन्द्र कुमार बढ़ाई ने भी विद्यार्थियों को प्रेरित किया और उन्हें शिक्षा के प्रति उत्साहित किया। कर्मचारी लेमन नागवंशी ने कार्यक्रम संचालन में सहयोग प्रदान किया।

इस अवसर पर अभिभावकगण भी उपस्थित रहे, जिससे स्कूल और समुदाय के बीच संवाद और सहभागिता को बढ़ावा मिला। कार्यक्रम के दौरान बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और अपने ज्ञान को प्रदर्शित किया। मुख्यमंत्री शिक्षा गुणवत्ता अभियान के तहत आयोजित इस तरह के कार्यक्रमों से न केवल विद्यार्थियों की सीखने की क्षमता में सुधार होता है, बल्कि विद्यालय और समुदाय के बीच मजबूत संबंध भी स्थापित होते हैं।

कार्यक्रम का समापन प्राचार्य द्वारा धन्यवाद ज्ञापन और बच्चों के प्रदर्शन की सराहना करते हुए किया गया। उपस्थित सभी अधिकारियों, शिक्षकों, अभिभावकों और विद्यार्थियों ने इस पहल की सफलता सुनिश्चित करने में अपना योगदान दिया।

Back To Top