शिक्षक के छेड़छाड़ (Molestation) और सैक्सुअल हरासमेंट की वजह से छात्रा की गई जान

स्कूल में छात्रा से छेड़छाड़ का दूसरा मामला

जशपुर। जिले में शिक्षा व्यवस्था की सुरक्षा और विश्वसनीयता पर गंभीर सवाल खड़े करने वाला एक और शर्मनाक मामला सामने आया है। शिक्षक के छेड़छाड़ (Molestation) और सैक्सुअल हरासमेंट की वजह से एक छात्रा की जान चली गई। मामला थाना बगीचा क्षेत्र के गोवासी गाँव की है। यहां स्थित एक निजी हायर सेकेंडरी स्कूल में नौवीं पढ़ने वाली 15 वर्षीय नाबालिग छात्रा ने सोमवार को स्कूल परिसर के स्टडी रूम में फांसी लगाकर अपनी जान दे दी। घटना ने न केवल स्थानीय समुदाय को झकझोर दिया है, बल्कि जिले के शैक्षणिक माहौल पर भी बड़ा सवालिया निशान लगा दिया है। सोमवार को स्टडी रूम के भीतर छात्रा का शव मिलने से स्कूल में अफरा-तफरी मच गई। शिक्षकों ने तुरंत इसकी सूचना स्कूल प्रबंधन को दी, जिसके बाद घटना की जानकारी पुलिस तक पहुंचाई गई। घटना की खबर मिलते ही जिला शिक्षा अधिकारी, सहायक आयुक्त, एसडीएम, बीईओ, तहसीलदार, मंडल संयोजक, एसडीओपी और बगीचा थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने स्थिति का मुआयना किया और मामले की जांच शुरू कर दी है।

सुसाइड नोट में प्रिंसिपल पर गंभीर आरोप

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, सुसाइड नोट में छात्रा ने स्कूल के प्रिंसिपल कुलदीपन टोप्पो पर छेड़छाड़ (Molestation) और सैक्सुअल हरासमेंट (Sexual Harassment) के आरोप लगाए हैं। पुलिस सूत्रों का कहना है कि सुसाइड नोट की हस्तलिपि और सामग्री की फॉरेंसिक जांच कराई जा रही है, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि नोट असली है और छात्रा ने ही लिखा है। वहीं, आरोपी प्रिंसिपल इस समय पुलिस जांच के दायरे में हैं। पुलिस ने उनके खिलाफ पॉक्सो एक्ट, छेड़छाड़, और अन्य संबंधित धाराओं के तहत अपराध दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

परिवार का दर्द छलका

मामले के सामने आने के बाद गोवासी गांव और आसपास के क्षेत्रों में भारी रोष देखा जा रहा है।परिवार ने आरोपी प्रिंसिपल पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है और शिक्षा विभाग से स्कूल की कार्यप्रणाली की जांच कराने की गुहार लगाई है । छात्रा मूल रूप से सीतापुर (जिला सरगुजा) की निवासी थी और पढ़ाई के लिए स्कूल परिसर स्थित हॉस्टल में रह रही थी। सोमवार को उसने हॉस्टल के स्टडी रूम में साड़ी का सहारा लेकर फांसी लगा ली, जिससे उसकी मौत हो गई। विद्यालय में कक्षा 6 से 12वीं तक के बच्चों की शिक्षा व्यवस्था संचालित है। संस्थान में कुल 124 विद्यार्थी नामांकित हैं। इनमें से 22 लड़के और 11 लड़कियाँ स्कूल परिसर में बनाए गए अनधिकृत हॉस्टल में रहकर पढ़ाई कर रहे थे।
अधिकारी ने बताया कि स्कूल के सभी दस्तावेज जब्त कर लिए गए हैं और पूरे मामले की जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

घटना के बाद जिला शिक्षा अधिकारी से लेकर उच्च अधिकारियों तक मामले की जानकारी पहुंच गई है। अधिकारियों का कहना है कि यदि जांच में दोष साबित हुआ तो आरोपी के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाएगी, क्योंकि यह मामला नाबालिग छात्रा की सुरक्षा और प्रतिष्ठा से जुड़ा है।

पुलिस ने छात्रा के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मेडिकल रिपोर्ट आने के बाद आत्महत्या की परिस्थितियों पर और स्पष्टता मिलेगी। पुलिस सुसाइड नोट के साथ-साथ छात्रा के मोबाइल फोन, शिक्षकों के बयान भी खंगाल रही है। एसएसपी शशि मोहन सिंह ने बताया कि स्कूल प्रिंसिपल को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। उनसे लगातार पूछताछ की जा रही है। अधिकारियों के अनुसार, मामले में अपराध पंजीबद्ध कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

Back To Top