सट्टा माफियाओं ने चाय दुकानदार से की मारपीट, पुलिस कार्रवाई ठप

चाय दुकानदार के जेब से 2750/- लुटे

रायपुर। राजधानी में सट्टा और जुआ खेलने वालों के हौसले लगातार बुलंद होते जा रहे हैं। आए दिन आम लोगों से जबरन वसूली और मारपीट की घटनाएं सामने आ रही हैं, लेकिन पुलिस की निष्क्रियता ने अपराधियों के मनोबल को और बढ़ा दिया है। ताज़ा मामला रामसागरपारा क्षेत्र का है, जहां स्थानीय चाय दुकानदार से सट्टा माफियाओं ने मारपीट करते हुए जान से मारने की धमकी दी। वही

सूत्रों के अनुसार, आरोपियों नितेश सिन्हा उर्फ शिबू और दादू 79 ने शुक्रवार, दिनांक 31 अक्टूबर 2025 को सुबह करीब 11 बजे रामसागरपारा इलाके में पहुंचकर चाय दुकानदार के साथ जमकर मारपीट कर उसके जेब के पास से 2750/- लुट के ले गए।

बताया जा रहा है कि दोनों आरोपी शहर में सक्रिय सट्टा संचालकों — रानू दुबे, विशाल खंडेलवाल और रोहित बजाज — के लिए सट्टा और क्रिकेट सट्टे की दलाली का काम देखते हैं।

घटना के संबंध में पीड़ित ने बताया कि दोनों युवक आए दिन इलाके में दुकानदारों और छोटे व्यापारियों से सट्टे के नाम पर जबरन वसूली करते हैं। जब उसने पैसे देने से इनकार किया, तो आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी। घटना के बाद पीड़ित ने तत्काल थाना आजाद चौक में शिकायत दर्ज कराई, परंतु कई घंटे बीत जाने के बाद भी कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में सट्टा और जुआ के अड्डे खुलेआम चल रहे हैं, और इनके पीछे कुछ राजनीतिक संरक्षण भी है। आम नागरिक भय के साये में जीने को मजबूर हैं। दुकानदारों के अनुसार, पुलिस केवल “लिखापढ़ी” कर मामले को ठंडे बस्ते में डाल देती है, जबकि आरोपियों पर कोई सख्त कदम नहीं उठाया जाता।

आवेदक का आरोप है कि अब उसके ऊपर राजीनामा करने का दबाव बनाया जा रहा है। उसने प्रशासन से गुहार लगाई है कि दोषियों पर तत्काल कार्रवाई कर उन्हें गिरफ्तार किया जाए, ताकि क्षेत्र में कानून व्यवस्था बहाल हो सके।

स्थानीय नागरिकों का कहना है कि भाजपा शासन में अपराधियों के हौसले इतने बढ़ गए हैं कि अब वे बेखौफ होकर आम जनता पर अत्याचार कर रहे हैं, जबकि पीड़ितों को न्याय पाने के लिए थाने के चक्कर काटने पड़ रहे हैं।

Back To Top