एनएच-343 पर यात्री बसों की विशेष चेकिंग, 12 पर चालानी


बलरामपुर-रामानुजगंज। जिले में सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के उद्देश्य से राष्ट्रीय राजमार्ग-343 (अंबिकापुर-रामानुजगंज मार्ग) पर चलने वाली यात्री बसों की विशेष जांच अभियान शुक्रवार को चलाया गया।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक वैभव बैंकर के मार्गदर्शन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विश्व दीपक त्रिपाठी के निर्देशन में परिवहन विभाग एवं यातायात पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा की गई।
जांच के दौरान कुल 23 यात्री बसों की चेकिंग की गई, जिसमें 12 बसों पर नियमों के उल्लंघन पाए जाने पर चालानी कार्रवाई की गई। इनमें से एक बस पर परमिट शर्तों के उल्लंघन के तहत मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 66/192 के अंतर्गत 5000 रुपये का जुर्माना लगाया गया। वहीं, अन्य 11 बसों पर यातायात नियमों के उल्लंघन के चलते विभिन्न धाराओं में कुल 4600 रुपये का समन शुल्क वसूला गया। इस प्रकार कुल 9600 रुपये की चालानी कार्रवाई की गई।
कार्रवाई के दौरान परिवहन अधिकारी यशवंत यादव एवं यातायात प्रभारी रक्षित निरीक्षक विमलेश कुमार देवांगन द्वारा बस चालकों एवं परिचालकों को यातायात नियमों के पालन के संबंध में विस्तृत जानकारी दी गई। उन्हें वाहन से संबंधित सभी वैध दस्तावेज साथ रखने, निर्धारित वर्दी धारण करने, वैध अनुज्ञप्ति पत्र रखने, शराब सेवन कर वाहन न चलाने तथा सीट बेल्ट का उपयोग करने के निर्देश दिए गए।
अभियान का मुख्य उद्देश्य यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करना, निर्धारित किराया वसूलना, बसों की समयबद्धता बनाए रखना तथा यात्रियों को होने वाली असुविधाओं को दूर करना है। साथ ही जन-जागरूकता बढ़ाने पर भी विशेष जोर दिया गया

Back To Top