हाइड्रोलिक ट्राली के गुप्त चेंबर को खोलने पर 117.190 किलोग्राम अवैध गांजा
बलरामपुर-रामानुजगंज।थाना बसंतपुर पुलिस ने एक बड़ी मादक पदार्थ विरोधी कार्रवाई में 117.190 किलोग्राम अवैध गांजा जब्त कर बिहार के एक युवक को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी राहुल कुमार यादव पिता लक्ष्मण यादव, उम्र 29 वर्ष, निवासी वंशराज बिगहा, थाना नासरिगंज, जिला रोहताश (बिहार) है। उसके खिलाफ अपराध क्रमांक 204/2025 धारा 20(बी)(ii)(C) एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला पंजीबद्ध किया गया है।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि लाल रंग के महिंद्रा ट्रैक्टर में हाइड्रोलिक ट्राली लगाकर गांजे की बड़ी खेप उत्तर प्रदेश ले जाई जा रही है। सूचना मिलते ही बसंतपुर गेट के पास एमसीपी लगाकर पुलिस टीम ने इलाके को सील कर दिया। कुछ देर बाद मुखबिर द्वारा बताए गए हुलिए से मेल खाता ट्रैक्टर हाईवे पर दिखाई दिया, जिसे पुलिस ने रोककर चेक किया।
गवाहों की मौजूदगी में ट्रैक्टर और ट्राली की तलाशी ली गई। हाइड्रोलिक ट्राली के गुप्त चेंबर को खोलने पर 117.190 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ, जिसकी बाजार कीमत लगभग 23 लाख 40 हजार रुपये आंकी गई है। तस्करी में उपयोग हो रहा महिंद्रा ट्रैक्टर, जिसकी कीमत करीब 2 लाख रुपये है, उसे भी पुलिस ने जब्त किया है।
पूछताछ के दौरान आरोपी ने तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य साथियों का भी नाम बताया है, जिनकी तलाश पुलिस कर रही है।
इस सफल कार्रवाई में निरीक्षक जितेंद्र सोनी, प्रआर 120 पंकज पोर्ते, प्रआर 266 हरिप्रसाद, आर 742 विवेक कुमार, आर 1193 जनार्दन और आर 529 लक्ष्मण प्रसाद की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

