अंबिकापुर/जशपुर।भारत के माननीय राष्ट्रपति महोदय का छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में 30 दिसंबर 2025 को प्रस्तावित प्रवास कार्यक्रम है। इसको लेकर संभागीय प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं।
सरगुजा संभाग के आयुक्त कार्यालय द्वारा इस संबंध में राष्ट्रीय राजमार्ग विभाग को आवश्यक निर्देश जारी किए गए हैं। जारी ज्ञापन के अनुसार राष्ट्रपति महोदय के आगडीह हवाई पट्टी से कार्यक्रम स्थल तक मार्ग व्यवस्था को दुरुस्त किया जाएगा।
प्रशासन ने संबंधित विभागों को आगडीह हवाई पट्टी की मरम्मत, सड़कों के सुधार, साइन बोर्ड एवं साइनैज की व्यवस्था, मार्ग संकेतकों के प्रदर्शन, जेब्रा क्रॉसिंग एवं ब्रेकरों के चिन्हांकन सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर पूर्ण करने के निर्देश दिए हैं।
प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार, सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था को लेकर भी समन्वय बैठकें की जा रही हैं, ताकि राष्ट्रपति महोदय के प्रवास के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो।
जिला प्रशासन जशपुर द्वारा सभी विभागों को अलर्ट मोड पर रखा गया है और निर्धारित समय-सीमा के भीतर सभी कार्य पूर्ण कराने के निर्देश दिए गए हैं।

