5 वर्ष से फरार लूटकांड का आरोपी मुंबई से गिरफ्तार

पहचान छिपाकर रह रहा था आरोपी, पुलिस ने तकनीकी दक्षता से किया ट्रेस

बलरामपुर। थाना शंकरगढ़ क्षेत्र में वर्ष 2020 में हुई लूट की घटना के मुख्य आरोपी को पुलिस ने 5 वर्ष बाद मुंबई (महाराष्ट्र) से गिरफ्तार किया है। आरोपी पहचान छिपाकर वहां रह रहा था। पुलिस ने अत्याधुनिक तकनीक एवं उत्कृष्ट दक्षता का उपयोग करते हुए आरोपी का ठिकाना ट्रेस किया और उसे गिरफ्तार कर बलरामपुर लाया गया।

मामले का विवरण

पुलिस के जानकारी अनुसार प्रार्थी रूपेश कुमार अग्रवाल पिता स्व. ओमप्रकाश अग्रवाल, निवासी ग्राम शंकरगढ़ द्वारा दिनांक 11 दिसंबर 2020 को थाना शंकरगढ़ में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि दिनांक 10 दिसंबर 2020 को उन्होंने अपने घर में शांतिपाठ हेतु बाबा संजय शर्मा उर्फ सच्चिदानंद, आंसुतोष सिंह, एवं संजय मिश्रा को बुलाया था।

पूजा के दौरान चांदी के गणेश-लक्ष्मी मूर्ति एवं ₹1,71,000 नकद राशि को थाली में रख पूजा की गई थी। पूजा पश्चात “पैसे की शुद्धि” के नाम पर उक्त सामग्री को विसर्जन हेतु नदी ले जाने की बात कही गई।

प्रार्थी उनके साथ भोंदना नदी गया, जहां बाबा लोगों ने उसे धक्का देकर गिरा दिया और उसके गले से तीन तोला सोने की चैन, पूजा थाली में रखी नकद रकम ₹1,71,000 तथा चांदी की मूर्तियाँ लूटकर फरार हो गए।

प्रार्थी ने घटना की सूचना नेटवर्क आने पर अपने संबंधियों को दी और थाना शंकरगढ़ में रिपोर्ट दर्ज कराई।

इस पर थाना शंकरगढ़ में अपराध क्रमांक 132/2020, धारा 392, 420, 120 (बी) भा.दं.वि. पंजीबद्ध किया गया।

पहले गिरफ्तार आरोपी

विवेचना के दौरान आरोपी आंसुतोष सिंह पिता कमलाकर सिंह (36 वर्ष), निवासी ईटावरी, थाना जवा, जिला रीवां (म.प्र.) को 12 दिसंबर 2020 को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमाण्ड पर भेजा गया था।
उससे ₹10,100 नगद, स्कॉर्पियो वाहन (क्रमांक MP-19-CB-9280), वीवो मोबाइल, लकड़ी की चप्पल, नंबर प्लेट (UP-64-CK-5464) एवं पूजा माला जब्त की गई थी।

मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी

मुख्य आरोपी संजय कुमार मिश्रा पिता बैजनाथ मिश्रा, उम्र 38 वर्ष, जाति ब्राह्मण, निवासी ईटावरी, थाना जवा, जिला रीवां (म.प्र.) पिछले पांच वर्षों से फरार था।
पुलिस टीम ने अत्याधुनिक तकनीक और सूक्ष्म जांच के आधार पर आरोपी को मुंबई (महाराष्ट्र) से गिरफ्तार किया। आरोपी को बलरामपुर लाकर माननीय न्यायालय जेएमएफसी राजपुर में पेश किया गया, जहां से पुलिस रिमाण्ड प्राप्त किया गया है।

टीम का योगदान

इस संपूर्ण कार्रवाई में निरीक्षक जितेन्द्र जायसवाल (थाना प्रभारी शंकरगढ़),सउनि रफैल तिर्की,आरक्षक अशोक गोयल एवं आरक्षक सुखलाल सिंह का सराहनीय योगदान रहा है।




Back To Top