5350 मीटर ऊँचाई पर ट्रैकिंग, रॉक और आइस क्लाइंबिंग

रायपुर, 28 अक्टूबर 2025।छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले के युवाओं ने अपने जज़्बे और हिम्मत से हिमालय की ऊँचाइयों को छू लिया है। हिमाचल प्रदेश की दुहांगन वैली में आयोजित ट्राइबल अल्पाइन एक्सपीडिशन – हिमालय 2025 में इन पर्वतारोहियों ने 5350 मीटर की ऊँचाई तक सफल चढ़ाई कर राज्य का मान बढ़ाया।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने मंगलवार को बगिया स्थित सीएम कैंप कार्यालय में इन वीर युवाओं का अभिनंदन किया। उन्होंने सभी पर्वतारोहियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया और कहा जशपुर के इन युवाओं ने यह साबित किया है कि इच्छाशक्ति और अनुशासन के दम पर कोई भी मंज़िल नामुमकिन नहीं होती। यह उपलब्धि प्रदेश के हर युवा के लिए प्रेरणा है।”

मुख्यमंत्री ने कहा कि इस अभियान से न केवल जिले के युवाओं में रोमांच और साहसिक खेलों के प्रति रुचि बढ़ेगी, बल्कि आत्मविश्वास और टीम भावना का विकास भी होगा।

अभियान दल के सदस्यों ने बताया कि सितंबर में जिला प्रशासन, जशपुर के सहयोग से यह यात्रा शुरू हुई थी। हिमालय की दुहांगन घाटी में उन्होंने ट्रैकिंग, रॉक क्लाइंबिंग और आइस क्लाइंबिंग जैसी चुनौतीपूर्ण गतिविधियों में हिस्सा लिया। बर्फ़ीली हवाओं, कठिन रास्तों और ऊँचाई की कठिनाइयों के बीच भी टीम ने हौसला नहीं खोया।

राष्ट्रीय स्तर पर पहचान

दल के एक सदस्य ने कहा, हिमालय का हर कदम हमें सिखा रहा था कि असली ताकत शरीर में नहीं, मन में होती है। यह अनुभव हमारी ज़िंदगी का सबसे बड़ा सबक बन गया।”

यह अभियान एक स्थानीय प्रशिक्षण कार्यक्रम के रूप में शुरू हुआ था, जो बाद में एक राज्यस्तरीय पर्वतारोहण पहल बन गया। इसने यह साबित किया कि जशपुर जैसे वनांचल इलाक़े के युवा भी उचित मार्गदर्शन और अवसर मिलने पर राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना सकते हैं।

Back To Top