
मायावती ने कहा बलौदाबाजार आगजनी व हिंसा असामाजिक तत्वों की कार्रवाई
रायपुर (News27) 25-06-2024 । बलौदा बाजार मे हुई हिंसा और आगजनी की घटना को बसपा प्रमुख सुश्री मायावती ने षड्यंत्रकारी असामाजिक तत्वों द्वारा कि गई कार्यवाई बताया है और कड़ी निंदा की है। जिसपर छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने अपनी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ शांति का टापू है और इसे बनाए रखने कि हर संभव कोशिश की जाएगी। कुछ निहित स्वार्थी तत्व राजनीतिक प्रश्रय पा कर समाज मे विष बोने का काम कर रहे हैं, उनसे कड़ाई से निपटा जाएगा। मुख्यमंत्री ने उपद्रवियों की निंदा किये जाने पर बसपा सुप्रीमो सुश्री मायावती का आभार व्यक्त किया है।
आज दोपहर बसपा प्रमुख सुश्री मायावती ने अपने X हैन्डल पर गिरौदपुरी में जैतखंभ को क्षति पहुचाए जाने की घटना को असमाजिक तत्वों का कृत्य बताते हुए चिंता जाहिर की थी। उन्होंने कहा कि इसके विरोध मे सतनामी समाज द्वारा सीबीआई जांच की मांग को लेकर बलौदा बाजार मे किये गए धरना प्रदर्शन के दौरान कलेक्टर परिसर मे षड्यंत्रकारी असामाजिक तत्वों द्वारा की गई तोड़-फोड़ आदि की घटना भी अति निंदनीय है। जिस पर छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने भी अपने X हैन्डल पर जवाब दिया। मुख्यमंत्री ने लिखा- “ धन्यवाद सुश्री मायावती जी, छत्तीसगढ़ शांति का टापू है और इसे बनाये रखने की हरसंभव कोशिश की जायेगी। प्रदेश की शांति व्यवस्था को कायम रखना हमारी सरकार की प्राथमिकता है।”
उन्होंने लिखा कि कुछ निहित स्वार्थी तत्व राजनीतिक प्रश्रय पा कर समाज में विष बोने का काम कर रहे हैं, उनसे कड़ाई से निपटा जायेगा। हर समाज के लोग यहां आपस में सौहार्द के साथ रहते हैं। आपने उपद्रवियों की निंदा की इसके लिए पुनः धन्यवाद आपका। पूज्य गुरु घासीदास के उपदेश हमारे लिए प्रेरक हैं। ‘मनखे मनखे एक समान’ की भावना से ही हमारी सरकार काम कर रही है। -फाईल फोटो
—————-
यह भी पढ़ें:-
मितानिन बहनों को मिलेगा आनलाइन मानदेय भुगतान
रायपुर (News27) 25-06-2024 । मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने राज्य की लाखों मितानिन बहनों को एक बड़ी सौगात देने की बात कही है। मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा है कि प्रदेश की स्वास्थ्य व्यवस्था को दुरूस्त रखने में मितानिन बहनों का बहुत बड़ा योगदान है। ऐसे में उनका खयाल रखना राज्य का कर्तव्य है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की पहल पर अब राज्य की मितानिन बहनों को महतारी वंदन योजना की तर्ज पर हर माह उनका मानदेय बैंक खाते में मिलने लगेगा। मुख्यमंत्री ने इसके लिए स्वास्थ्य मंत्री को दिशा निर्देश भी जारी कर दिए हैं।
—————————————–

