पांचवी किश्त भी सभी महिलाओं को मिलेगा इसमें संशय है
लोकसभा चुनाव में वोट लेने के बाद बड़ी संख्या में महिलाओं को अपात्र करने का सरकार षड़यंत्र कर रही है
रायपुर (News27) 01.07.2024 । महतारी वंदन में 75 प्रतिशत महिलाओं को चौथी किश्त की राशि अभी तक नहीं मिली है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि जुलाई में महतारी वंदन की पांचवी किश्त महिलाओं के खाते में आना है लेकिन जून का पैसा अभी तक अप्राप्त है। लोकसभा चुनाव में वोट लेने के बाद बड़ी संख्या में महिलाओं को अपात्र बता कर उनका नाम लाभार्थी की सूची से हटाने का सरकार षड़यंत्र कर रही है। सरकार बताये कि तीन किश्त जिनके खाते में गया था वे अब चौथी किश्त में अपात्र कैसे हो जायेगी? यदि अपात्र थी तो तीन माह का पैसा क्यों दिया गया? सरकार बताये महतारी वंदन योजना की चौथी किश्त कितने महिलाओं के खाते में डाला गया? कांग्रेस पार्टी मांग करती है कि जिन महिलाओं के खाते में चौथी किश्त डाली गयी है उनका नाम सार्वजनिक करें।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि भाजपा की नीयत में खोट आ गया है, आगे सभी महिलाओं के खाते में पैसा आयेगा इसकी कोई गारंटी नहीं है। आने वाले महिनों में महतारी वंदन योजना बंद हो जायेगी इसकी गारंटी है। विष्णुदेव साय की सरकार ने साबित किया है कि झूठ, लफ़्फ़ाज़ी और वादाखिलाफी ही मोदी की गारंटी है। डबल इंजन की सरकार छत्तीसगढ़ का केवल शोषण कर रही है। महतारी वंदन के नाम पर प्रदेश के 1 करोड़ 4 लाख महिला मतदाताओं में से अधिसंख्यक महिलाओं का इंतजार अब तक खत्म नहीं हुआ है। 18 से 21 वर्ष की विवाहित महिलायें पूरी तरह से ठगी गई, यही नहीं जिन्हे पात्र बताया उनका पैसा भी खातों में अब तक नही आये। ऐसे हितग्राहियों की बड़ी संख्या है।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि विधानसभा चुनाव के दौरान भाजपा ने सरकार बनते ही महिलाओं के खाता में 1 हजार रु. महीना ट्रांसफर करने का वादा किया था, दिसंबर माह में साय सरकार का गठन हो गया था और अभी जनवरी, फरवरी, मार्च, अप्रैल, मई, जून 6 माह हो चुका है और मात्र तीन महीने की राशि महिलाओं को दी गई है। चौथी किश्त 75 प्रतिशत महिलाओं को नहीं मिला है। यह महिलाओं के साथ धोखा और छल है। साय सरकार महतारी वंदन योजना में छल कपट खेल बंद करे, उनका उपहास न उड़ाये, सभी महिलाओं के खाते में पूरा पैसा डाला जाय।
————————————-
यह भी पढ़ें:-

बृजमोहन मॉब लिंचिंग के अपराधियों को बचाने बयान दे रहे – कांग्रेस
मॉब लिंचिंग साय सरकार के माथे पर कलंक का टीका
रायपुर (News27) 01.07.2024 । भाजपा सांसद बृजमोहन अग्रवाल द्वारा माब लिचिंग में हुई हत्या को आत्महत्या बताये जाने की कांग्रेस ने कड़ी निंदा किया है। प्रदेश कांग्रेस संचार विभाग के अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला ने कहा सांसद बृजमोहन अग्रवाल का बयान हत्यारों को संरक्षण देने वाला है। बृजमोहन जैसे वरिष्ठ राजनेता से इस प्रकार के बयान की अपेक्षा सभ्य समाज कदापि नहीं करता हैं। माब लिचिंग छत्तीसगढ़ के माथे पर कलंक है। इस घटना के आरोपियो पर हत्या का मुकदमा दर्ज कर सख्त कार्यवाही होनी चाहिये, न कि बयानबाजी कर अपराधियों को संरक्षण दिया जाये।
प्रदेश कांग्रेस संचार विभाग के अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला ने कहा की इस घटना में एक दर्जन से अधिक अराजक तत्वों ने पीट-पीट कर तीन लोगो की हत्या कर दिया है। दहशत गर्दो ने सरेआम कुछ लोगों पर लाठियों डंडो और धारदार हथियार से हमला बोला था जिनमे तीन की जान गयी। इस गंभीर आपराधिक मामले में पुलिस द्वारा अपराधियों के खिलाफ हत्या को मुकदमा 302 के तहत दर्ज करने के बजाय सदोष मानव बध का मुकदमा दर्ज किया गया है। यह मामला हत्या का है सरकार हल्की धाराओं में कार्यवाही कर दहशत गर्दो को संरक्षण दे रही है। सांसद अपराधियों को बचाने गलतबयानी कर रहे है।
प्रदेश कांग्रेस संचार विभाग के अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला ने कहा कि सत्तारूढ़ दल के लोगों के संरक्षण में अराजक तत्व बेलगाम हो गये है। अपराधियों के हौसले बढ़ गये है। माब लिंचिंग से तीन लोगों की मौत राज्य के माथे पर कलंक का टीका है। इस प्रकार का गिरोह बनाकर कानून को हाथ में लेने का दुस्साहस ऐसे लोगों के पास कहां से आया? सरकार को इसका जवाब देना चाहिये। इस घटना से जुड़े लोग किस संगठन से जुड़े है? सरकार इसका खुलासा करे तथा इस प्रकार का गिरोह बाजी पर अंकुश लगाये।
प्रदेश कांग्रेस संचार विभाग के अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला ने कहा कि माब लीचिंग की इस घटना ने छत्तीसगढ़ के सर को शर्म से झुका दिया है। भाजपा सरकार से प्रदेश की कानून व्यवस्था संभल नहीं रही है। सत्ता रूढ़ दल के लोग सत्ता के दंभ में अपराधियों को संरक्षण दे रहे है। जिसका दुष्परिणाम है कि राज्य में 6 महीने में ही अपराध का गढ़ बन गया है। चोरी, डकैती, हत्या, लूट, बलात्कार, माफियाराज, तस्करी, जुआ-सट्टा, नशाखोरी के अवैध कारोबार के बाद अब माब लिंचिंग भी शुरू हो गयी है।
——————————————-

