श्रीमती साय ने फिल्म के निर्माता व अभिनेता प्रकाश अवस्थी और पूरी टीम को बधाइयां दी
रायपुर (News27) 04.07.2024 । छत्तीसगढ़ी फिल्म मोर बाई हाई फाई का ट्रेलर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की धर्मपत्नी श्रीमती कौशल्या देवी साय के समक्ष प्रदर्शित किया गया। उन्होंने ट्रेलर देख कर सराहना की और कहा कि यह फिल्म महिला प्रधान नजर आती है। ट्रेलर देख कर खुशी व्यक्त करते हुए श्रीमती कौशल्या देवी साय ने फिल्म के निर्माता व अभिनेता प्रकाश अवस्थी और पूरी टीम को बधाइयां दी। उन्होंने ट्रेलर देखकर फिल्म के अच्छे और एक सामाजिक संदेश देने वाली फिल्म होने की कामना की। ट्रेलर दिखाते वक्त मैडम सीएम के साथ निर्माता अभिनेता प्रकाश अवस्थी, निर्देशक नितेश लहरी, अभिनेता योगेश अग्रवाल, दीपाली पांडे, अनुपम वर्मा, बंटी भाई समेत इस फिल्म से जुड़े कलाकार उपस्थित रहे। निर्माता अभिनेता प्रकाश अवस्थी ने बताया कि फिल्म का ट्रेलर मुख्यमंत्री के समक्ष प्रदर्शित करने की योजना थी, लेकिन वे कार्यक्रम में व्यस्त होने की वजह से देर रात तक घर नहीं लौटे थे, इसी वजह से मुख्यमंत्री की अनुमति के बाद मैडम सीएम के सामने ट्रेलर का प्रदर्शन किया गया। उन्होंने भी बड़े सहज भाव से ट्रेलर को दो बार देखा और पूरी टीम को बधाइयां दी।
———————————

