
रहचुली झूला, गेड़ी और साजसज्जा वाली बैलगाड़ियों से दिख रही रौनक
हरेली के मौके पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने धरती माता के श्रृंगार के लिए एक पेड़ मां के नाम लगाने की अपील भी प्रदेशवासियों से की
रायपुर (News27) 04.08.2024 । हरेली तिहार की तैयारियों के लिए सजा मुख्यमंत्री निवास एक छोटे से गांव के रूप में नजर आ रहा है जहां हर तरफ हरेली की धूम है। मुख्यमंत्री निवास एक ग्रामीण मड़ई मेला की तरह सुंदर साजसज्जा में नजर आ रहा है। रहचुली झूला, गेड़ी और सुंदर बैलगाड़ियों से पूरा परिसर हरेली की रौनक से दमक रहा है।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय हरेली के अवसर पर परंपरागत तरीके से पूजा करेंगे। हरेली के मौके पर पशुधन की पूजा की जाती है। खेती किसानी की शुरूआत में मनाया जाने वाला यह पर्व धरती के प्रति हमारी कृतज्ञता को व्यक्त करता है और इस भावना के अनुरूप मुख्यमंत्री पूजा के पश्चात किसान भाइयों को आधुनिक कृषि उपकरणों का वितरण भी करेंगे।
——————————————————–
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने छत्तीसगढ़ की पहली हरेली तिहार का प्रदेशवासियों को दिया गाड़ा-गाड़ा बधाई एवं शुभकामनाएं
रायपुर (News27) 04.08.2024 । मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने छत्तीसगढ़ के पहली हरेली तिहार पर प्रदेशवासियों को गाड़ा-गाड़ा बधाई एवं शुभकामनाएं दी है। सीएम साय ने कहा कि हरेली तिहार हरियाली और अन्नदाताओं के मेहनत का प्रतीक त्यौहार है, जिसे पारंपरिक रूप से इस समृद्धशाली संस्कृति को सभी मिल-जुल कर मनाते हैं और अपनी धरती को संवारते हैं। श्री साय ने पहली हरेली तिहार को सुशासन का तिहार निरूपित करते हुए कहा कि भाजपा शासन में नित नये स्वरूप के साथ छत्तीसगढ़ राज्य संवर रहा है।
————————————————————————————————————–

