रायपुर (News27) 08.08.2024 । छत्तीसगढ़ के नवनियुक्त राज्यपाल महामहिम रमेन डेका ने राजभवन में कार्यरत अधिकारियों एवं कर्मचारियों से सौहार्द्र बैठक की। इस दौरान उन्होंने से सभी का परिचय लिया। महामहिम राज्यपाल ने उर्जा की बचत, प्लास्टिक प्रदूषण से मुक्ति पाने, स्वच्छता को बढ़ावा देने एवं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आव्हान् एक पेड़ माॅं के नाम अभियान के तहत सभी को पेड़ लगाने प्रोत्साहित किया। महामहिम डेका ने आदिवासी क्षेत्रों में रेडक्राॅस की गतिविधियों पर जानकारी लेते हुए टीबी मुक्त अभियान, जैविक खेती को बढ़ावा देने, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा हेतु विश्वविद्यालयीन रिक्त पदों को भरने, कार्यालय में डिजिटाइजेशन और डिजिटल लाइब्रेरी बनाने की दिशा में कार्य करने हेतु निर्देशित किया। उन्होंने साइबर अपराध पर लोगों को जागरूक करने के लिए भी प्रेरित किया। प्रधानमंत्री टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत छत्तीसगढ़ में किए जा रहे कार्यों की जानकारी ली। राज्यपाल ने कहा कि राज्य के आकांक्षी जिलों में जो कार्य चल रहे हैं उनकी नियमित रूप ये मॉनिटरिंग की जाए। नारायणपुर जिले में नक्सलियों से लड़ कर अपने पिता की जान बचाने वाली साहसी बालिका की खबर को जानकर, उसे राजभवन में बुलाकर सम्मानित करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर राज्यपाल के उपसचिव हिना, अनिमेष नेताम एवं राजभवन के सभी अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे।
……………………

