संविधान दिवस के 75वें वर्ष पूर्ण होने पर साल भर चलेगा स्मरणोत्सव

राज्यपाल, मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री, मंत्री, विधायक सहित गणमान्य नागरिक करेंगे संविधान की प्रस्तावना वाचन

स्कूल-कॉलेजों में होगा प्रश्नोत्तरी, वाद-विवाद एवं भाषण प्रतियोगिता

अनुसूचित जाति, जनजाति बहुल गांवों में होगा 15 दिवसीय संविधान यात्रा

विशेष ग्राम सभा का होगा आयोजन

रायपुर (News27) 24.11.2024 । भारतीय संविधान के 75वें वर्ष पूर्ण होने पर 26 नवंबर 2024 से साल भर स्मरणोत्सव का आयोजन किया जाएगा। वर्ष भर चलने वाले इस स्मरणोत्सव को ‘हमारा संविधान, हमारा स्वाभिमान‘ के टैगलाइन के तहत संचालित किया जाएगा। स्मरणोत्सव का यह आयोजन चार स्तंभों संविधान की प्रस्तावना, अपने संविधान को जानें, संविधान का निर्माण और संविधान के गौरव विषय पर केन्द्रित होगी। संविधान दिवस 26 नवम्बर को मुख्य कार्यक्रम में राज्यपाल, मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री के साथ सभी मंत्रीगण, विधायकगण और अन्य गणमान्य व्यक्तियों द्वारा संविधान की प्रस्तावना वाचन किया जाएगा। संविधान दिवस पर स्कूलों और कॉलेजों में प्रश्नोत्तरी वाद-विवाद एवं भाषण प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। साथ ही इस मौके पर अनुसूचित जाति, जनजाति गांवों में 15 दिवसीय संविधान यात्रा निकाली जाएगी।

कार्यक्रम सार्वजनिक स्थान पर बड़ी संख्या में लोगों के साथ आयोजित किया जाएगा तथा उक्त कार्यक्रम में भारत सरकार, संस्कृति मंत्रालय द्वारा संविधान के ऊपर निर्मित फिल्म का प्रदर्शन भी किया जाएगा। रायपुर में आयोजित कार्यक्रम में संविधान निर्माण में राज्य के विशिष्ट लोगों की भूमिका को केन्द्रित किया जाएगा तथा संविधान से संबंधित कला-प्रदर्शनी प्रदर्शित की जाएगी। संविधान दिवस पर आयोजित इस कार्यकम हेतु संस्कृति विभाग नोडल विभाग होगा एवं की गई सभी कार्यवाहियों की जानकारी एवं छायाचित्र को भारत सरकार की वेबसाइट में अपलोड होगा।

संविधान दिवस के अवसर पर पंचायतों में 15 दिवसीय संविधान यात्रा का भी आयोजन किया जाएगा। ये यात्राएं अनुसूचित जाति, जनजाति की आबादी के बहुलता वाले गांवों में आयेाजित की जाएगी। यात्रा के दौरान, जहां भी बाबा साहेब की प्रतिमाएं होंगी, उन पर पुष्पांजलि अर्पित किया जाएगा। ग्राम पंचायतों में ग्राम सभाओं का भी आयोजन होगा, जिसमें संविधान के अनुच्छेद 51ए के तहत नागरिकों के मौलिक कर्तव्यों को पढ़ा और समझाया जाएगा। साथ ही इस मौके पर जीवित स्वतंत्रता सेनानियों को सम्मानित किया जाएगा। संविधान सभा के सदस्यों से जुड़े गांवों में, जिसमें संविधान सभा की महिला सदस्यों के योगदान पर विशेष जोर देते हुए विशेष समारोह आयोजित किए जाएंगे।

इसके साथ ही स्कूलों और कॉलेजों में संविधान के प्रावधान, संविधान निर्माण की प्रकिया, मौलिक अधिकार, कर्तव्य एवं राज्य के नीति-निर्देशक सिद्धांत तथा नवीनतम संशोधन आदि विषयों पर प्रश्नोत्तरी आयोजित किया जाएगा। साथ ही नागरिकों के अधिकारों और कर्तव्यों तथा अन्य संवैधानिक मुद्दों पर वाद-विवाद सेमिनार, जिसमें सामाजिक सशक्तिकरण, महिला सशक्तिकरण, लैंगिक समानता को बढ़ावा देने, समय के साथ चुनौतियों का सामना करने के लिए संविधान को लचीला बनाने तथा नवीनतम तथा प्रमुख संशोधनों पर विशेष ध्यान दिए जाने हेतु आयोजित करेंगे। स्कूली बच्चों को https://www.mygov.in पर MyGov प्रतियोगिताओं और MyBharat.gov.in पर युवा सहभागिता गतिविधियों में भाग लेने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा। -फाईल फोटो

यह भी पढ़ें:-

मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय 24 नवंबर को राजधानी रायपुर और जशपुर के बागबहार में आयोजित कार्यक्रमों में होंगे शामिल

रायपुर में ’76वें एनसीसी डे सेलिब्रेशन 2024’ और ’राज्य स्तरीय आरचरी प्रतियोगिता के समापन कार्यक्रम’ में होंगे शामिल

जशपुर के बागबहार में ’ओपन चैलेंज ट्राफी फुटबाल प्रतियोगिता के समापन समारोह’ में शामिल होंगे

रायपुर (News27) 24.11.2024 । मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय 24 नवम्बर को रायपुर और जशपुर जिले के बागबहार में आयोजित कार्यक्रमों में शामिल होंगे।मुख्यमंत्री श्री साय सवेरे 10 बजे राजधानी रायपुर के पुलिस परेड ग्राउंड में आयोजित ’76वें एनसीसी डे सेलिब्रेशन 2024’ में शामिल होंगे। वे इस कार्यक्रम के बाद दोपहर 12.10 बजे रायपुर के शंकर नगर में कांशी स्पाइन हॉस्पिटल का लोकार्पण करेंगे। इस कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री श्री साय 12.40 बजे पुलिस ग्राउंड हेलीपेड से हेलीकाप्टर द्वारा रवाना होकर दोपहर 2 बजे जशपुर जिले के बागबहार पहुंचेंगे और वहां मिनी स्टेडियम में ’ओपन चैलेंज ट्राफी फुटबाल प्रतियोगिता के समापन समारोह’ में शामिल होंगे।

मुख्यमंत्री मिनी स्टेडियम बागबहार से अपरान्ह 3.35 बजे हेलीकाप्टर द्वारा रवाना होकर शाम 4.55 बजे पुलिस ग्राउंड रायपुर आएंगे और वहां से कार द्वारा तीरंदाजी अकादमी, साइंस कॉलेज पहुंचेंगे। मुख्यमंत्री तीरंदाजी अकादमी में 5.10 बजे ’24वीं सीनियर राज्य स्तरीय आरचरी प्रतियोगिता के समापन एवं पुरस्कार वितरण कार्यक्रम’ में शामिल होंगे।

यह भी पढ़ें:-

47 वाँ राउत नाचा महोत्सव: गड़वा बाजा की धुन पर दिखा अस्त्र शस्त्र और श्रृंगार का अद्भुत संगम

नाचा की पारंपरिक वेशभूषा में दिखे मुख्यमंत्री

नाचा राउत के शौर्य, गौरव, और समृद्धि सांस्कृतिक परंपरा का प्रतीक: मुख्यमंत्री

रायपुर (News27) 24.11.2024 । मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय आज बिलासपुर के लाल बहादुर शास्त्री स्कूल में आयोजित 47वें राउत नाचा कार्यक्रम में शामिल हुए। नाचा की पारंपरिक वेशभूषा में मुख्यमंत्री दिखे। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि यादव समाज के लोग भगवान कृष्ण के वंशज हैं। आज के इस पावन अवसर पर मै कामना करता हूं कि यादव समाज एकता के सूत्र में बंध कर उत्तरोत्तर विकास करें और बेहतर शिक्षा प्राप्त करे। हमारी सरकार छत्तीसगढ़ के विकास के लिए प्रतिबद्ध है। राउत नाचा पर्व इसी भव्यता के साथ हमेशा आयोजित होता रहे। मैं आप सभी को राउत नाचा पर्व की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं देता हूं।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए केंद्रीय आवास एवं शहरी विकास राज्यमंत्री श्री तोखन साहू ने कहा कि राउत नाचा महोत्सव हमारे छत्तीसगढ़ के संस्कृति की पहचान और छत्तीसगढ़ के गौरव का प्रतीक है। हमारे यादव समाज के भाई-बहन गौ माता की सेवा और संवर्धन करते हैं। उन्होंने इस अवसर पर राउत परिवार के सुख और समृद्धि की कामना करते हुए बधाई एवं शुभकामनाएं दी।

——————————————————

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back To Top