
केसीजी पुलिस ने पार्सल बम साज़िश का भंडाफोड़ कर 2 किलो IED बरामद किया
खैरागढ़–छुईखदान–गंडई, 16 अगस्त।
केसीजी पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए गंडई में पार्सल बम साज़िश का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने एक संदिग्ध गिफ्ट पैक्ड पार्सल से 2 किलो विस्फोटक (IED) बरामद किया और सात आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के मुताबिक मानपुर निवासी अफसार खान के नाम पर एक संदिग्ध पार्सल आया। उस पर फर्जी इंडिया पोस्ट का लोगो और पूरा पता अंकित था। संदेह होने पर जब इसकी सूचना पुलिस को दी गई तो बम स्क्वॉड की जांच में पार्सल के भीतर एक स्पीकर में छिपाकर रखा गया IED मिला।
तकनीकी जांच से पता चला कि जैसे ही स्पीकर को बिजली के प्लग से जोड़ा जाता, करंट डिटोनेटर तक पहुंचकर विस्फोट हो जाता। इसमें जेलाटिन स्टिक मुख्य विस्फोटक के तौर पर प्रयोग की गई थी।
जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी विनय वर्मा ने ऑनलाइन ट्यूटोरियल देखकर IED तैयार किया था। मकसद अफसार खान की हत्या करना था। साथ ही, मामले का संबंध दुर्ग जिले की एक पत्थर खदान से अवैध रूप से जुटाए गए विस्फोटकों की आपूर्ति श्रृंखला से भी जुड़ा है।
पुलिस ने अब तक 60 जिलेटिन स्टिक, 2 डिटोनेटर और फर्जी लोगो बनाने की सामग्री भी बरामद की है।
गिरफ्तार आरोपी
- विनय वर्मा (20) निवासी कुसमी, थाना खैरागढ़
- परमेंश्वर वर्मा (25) निवासी चीचा, थाना लिटिया, जिला दुर्ग
- गोपाल वर्मा (22) निवासी कुसमी, थाना खैरागढ़
- घासीराम वर्मा (46) निवासी केसला, थाना खैरागढ़
- दिलीप धिमर (38) निवासी मात्रा, थाना नंदिनी नगर अहिवारा, दुर्ग
- गोपाल खेलवार निवासी पथरिया, थाना नंदिनी नगर अहिवारा, दुर्ग
- खिलेश वर्मा (19) निवासी बाज़ार अतरिया, थाना खैरागढ़
पुलिस की कार्रवाई
गिरफ्तार आरोपियों पर भारतीय दंड संहिता, विस्फोटक अधिनियम और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने बताया कि अवैध विस्फोटक आपूर्ति नेटवर्क में शामिल अन्य व्यक्तियों पर भी कार्रवाई की जाएगी।

