ग्रामीणों ने जताई हत्या की आशंका, पुलिस जांच में जुटी
By । अविनाश वाधवा
तिल्दा-नेवरा। ग्राम कोटा में पिछले 12 दिन से लापता किशोर का शव शनिवार सुबह तालाब किनारे खेत से बरामद हुआ। शव मिलने की खबर फैलते ही पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई और ग्रामीणों में आक्रोश व्याप्त हो गया।
जानकारी के अनुसार, ग्राम कोटा निवासी समीर मधुकर (14 वर्ष), सतनामी पारा, 28 अगस्त की रात लगभग 9 बजे घर से गुटखा लेने निकला था, इसके बाद से वह लापता था। परिजनों और ग्रामीणों ने काफी खोजबीन की लेकिन उसका कोई पता नहीं चला।
शनिवार सुबह गाँव का एक व्यक्ति नहाने के लिए पैठु तालाब गया था। इसी दौरान पास के खेत (परिया) से गुजरते समय उसने झाड़ियों के बीच शव देखा। घटना की सूचना तुरंत सरपंच को दी गई, जिन्होंने मौके पर पहुँचकर तिल्दा-नेवरा पुलिस को खबर दी।
पुलिस ने मौके पर पहुँचकर शव को कब्जे में लिया और पंचनामा कर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार शव घास से ढका हुआ था और उसके ऊपर सीमेंट की चौड़ी पटिया रखी हुई थी। शव की स्थिति देखकर ग्रामीणों ने हत्या की आशंका जताई है।
पुलिस का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मृत्यु का वास्तविक कारण स्पष्ट हो सकेगा। फिलहाल मामले की जांच जारी है।

