सामाजिक बुराई खत्म करने लखना पंचायत की मिसाल

तिल्दा-नेवरा। वीरेन्द्र साहू।क्षेत्र में अवैध शराब व गांजा बिक्री का कारोबार दिनोंदिन बढ़ता जा रहा है। हालात यह हैं कि गाँवों की पहचान अब परंपरागत संस्कृति के बजाय नशे के अड्डों से होने लगी है। शहर से लेकर नेशनल हाइवे तक और वार्डों व घरों तक में खुलेआम शराब और गांजा बेचा जा रहा है।

इसी गंभीर समस्या को जड़ से मिटाने के लिए ग्राम पंचायत लखना ने एक सराहनीय पहल की है। सरपंच श्रीमती श्यामा देवी साहू, उपसरपंच बलदाऊ साहू तथा पंच-ग्रामीणों ने मिलकर गाँव में जागरूकता रैली निकाली। इस दौरान उन्होंने अवैध शराब विक्रय, गांजा सेवन, ताश-जुआ और खुले में डिस्पोजल जैसी कुप्रथाओं को तुरंत बंद करने की अपील की।

पंचायत ने साफ चेतावनी दी है कि गली-मोहल्लों में शराब पीते या नशे में हुड़दंग करते पकड़े जाने वालों पर कड़ी कार्यवाही और जुर्माना लगाया जाएगा। पंचायत का यह भी निर्णय है कि जो लोग गाँव के माहौल को बिगाड़ने का प्रयास करेंगे, उनके खिलाफ सामूहिक रूप से कार्रवाई की जाएगी।

लखना पंचायत की इस मुहिम की ग्रामीणों व आस-पास की पंचायतों में प्रशंसा हो रही है। सामाजिक संगठनों ने भी इसे एक मिसाल बताया और अन्य पंचायतों से भी ऐसी पहल करने की अपील की है, ताकि गाँवों को फिर से नशामुक्त और सुरक्षित बनाया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back To Top