रायपुर।राज्य आर्थिक अपराध अन्वेषण ब्यूरो एवं एंटी करप्शन ब्यूरो ने बहुचर्चित शराब घोटाले में बड़ी कार्रवाई करते हुए आबकारी विभाग के तत्कालीन आयुक्त निरंजन दास को गिरफ्तार किया है।
यह कार्रवाई अपराध क्रमांक 04/2024 के तहत की गई है, जिसमें भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 (संशोधित अधिनियम 2018) की धारा 7, 12 तथा भारतीय दंड संहिता की धारा 420, 467, 468, 471 और 120 (बी) के अंतर्गत प्रकरण दर्ज है।
जांच एजेंसियों के अनुसार निरंजन दास पर गंभीर आरोप हैं कि उन्होंने विभाग प्रमुख रहते हुए शराब सिंडिकेट को संरक्षण दिया। आरोप है कि उन्होंने शासकीय शराब दुकानों में अनएकाउंटेड शराब की बिक्री कराई, अधिकारियों के स्थानांतरण और पदस्थापना में अनियमितताएं कीं, टेंडर प्रक्रिया में हेरफेर की तथा दोषपूर्ण शराब नीति बनाने में सहयोग दिया।
बताया जा रहा है कि इन कृत्यों से सिंडिकेट को करोड़ों रुपये का अनुचित लाभ पहुंचाया गया और इसके एवज में निरंजन दास ने स्वयं भी भारी आर्थिक लाभ हासिल किया।
ब्यूरो की ओर से आगे की पूछताछ और कानूनी कार्यवाही की जा रही है।

