रायपुर। राज्य आर्थिक अपराध अन्वेषण एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो ने बहुचर्चित छत्तीसगढ़ शराब घोटाला मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए गिरिराज होटल के संचालक नितेश पुरोहित और उनके पुत्र यश पुरोहित को गिरफ्तार किया है। दोनों के खिलाफ अपराध क्रमांक-04/2024 दर्ज है, जिसमें भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 (संशोधित 2018) की धारा-7, 12 तथा भारतीय दंड संहिता की धारा 420, 467, 468, 471 और 120-बी के तहत प्रकरण कायम किया गया है।
इससे पहले आबकारी विभाग के तत्कालीन आयुक्त निरंजन दास को भी कल गिरफ्तार किया गया था। तीनों आरोपी मार्च 2024 से फरार थे। सर्वोच्च न्यायालय ने सितम्बर और दिसम्बर 2024 में No coercive action का आदेश पारित किया था, जिसके चलते आरोपी जांच में शामिल तो हुए, लेकिन सहयोग नहीं किया। हाल ही में 17 सितम्बर 2025 को यह आदेश हटने के बाद ब्यूरो ने कार्रवाई करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार किया।
जांच एजेंसी के अनुसार, होटल व्यवसायी पिता-पुत्र आबकारी घोटाले के सिंडीकेट के प्रमुख सदस्य थे। इनके माध्यम से अवैध राशि का संग्रहण, भण्डारण और वितरण किया जाता था। दोनों को विशेष न्यायालय (भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम) रायपुर में पेश किया गया, जहां से 25 सितम्बर तक पुलिस रिमांड पर भेजा गया है।
ब्यूरो ने बताया कि मामले की आगे की जांच जारी है।

