बेटे ने पिता की पत्थर से हत्या, आरोपी गिरफ्तार

जशपुर, 19 सितम्बर। घरेलू विवाद ने जशपुर जिले के एक परिवार को झकझोर कर रख दिया। थाना सिटी कोतवाली क्षेत्र के ग्राम आगडीह में बेटे ने अपने पिता की पत्थर से हमला कर हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

मिली जानकारी के अनुसार, मृतक बंधु राम (65) मेहनत-मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करता था। उसका बेटा दीपक राम (25) अक्सर काम-धंधा नहीं करने को लेकर पिता से विवाद करता था। बताया गया कि 17 सितंबर की रात दोनों में फिर से बहस हुई। इसी दौरान आरोपी बेटे ने आवेश में आकर पास में रखे फर्श पत्थर से पिता के सिर, नाक और कनपटी पर वार कर दिया। गंभीर चोट लगने से बंधु राम की मौके पर ही मौत हो गई।

घटना की जानकारी परिजनों द्वारा पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम कराया। डॉक्टर की रिपोर्ट में सिर पर लगी चोट से मौत होना पाया गया। इसके बाद पुलिस ने आरोपी दीपक राम को हिरासत में लिया। पूछताछ में उसने अपराध कबूल कर लिया। हत्या में प्रयुक्त पत्थर को भी पुलिस ने जब्त कर लिया है।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) के तहत मामला दर्ज किया है। आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।

मामले की कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक आशीष तिवारी, एएसआई विपिन किशोर केरकेट्टा, एएसआई मनोज भगत, आरक्षक विनोद तिर्की और नगर सैनिक थानेश्वर देशमुख की अहम भूमिका रही।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने बताया कि आरोपी बेटे को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

Back To Top