
सूरजपुर, 27 सितंबर 2025 । जिला पंचायत सूरजपुर ने प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण (PMAY-G) के कार्यों में लापरवाही बरतने के आरोप में पंचायत सचिव श्री संतोष विश्वकर्मा को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। यह निर्णय 26 सितंबर 2025 को आयोजित जिला पंचायत की समीक्षा बैठक में लिया गया।
बैठक में ग्राम पंचायत बेलटिकरी और ग्राम पंचायत पीढ़ा में वर्ष 2024-25 के लिए निर्धारित 210 आवासों की प्रगति की समीक्षा की गई। बैठक में पाया गया कि केवल 70 आवास पूरे हुए हैं, जबकि 140 आवास अभी भी लंबित हैं। निरीक्षण में यह स्पष्ट हुआ कि पंचायत सचिव द्वारा समय-समय पर स्वीकृत आवासों एवं अन्य निर्माण कार्यों का निरीक्षण नहीं किया जा रहा है, जिससे योजना की समय पर पूर्णता प्रभावित हुई है।
जिला पंचायत ने यह भी कहा कि विश्वकर्मा के कृत्य छत्तीसगढ़ पंचायत सेवा (आचरण) नियम, 1998 और पंचायत सचिव नियम, 1999 के प्रावधानों के प्रतिकूल हैं। इनके चलते उन्हें तत्काल निलंबित कर मुख्यालय जनपद पंचायत सूरजपुर में रहने का आदेश दिया गया है। निलंबन के दौरान उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता प्रदान किया जाएगा।
इस आदेश की प्रतिलिपि कलेक्टर, अनुविभागीय अधिकारी, सहायक संचालक जनसंपर्क, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत और पंचायत सचिव श्री संतोष विश्वकर्मा को भेजी गई है। जिला पंचायत ने साफ किया है कि शासन की महत्वाकांक्षी योजनाओं की प्रगति सुनिश्चित करना प्राथमिकता है और किसी भी लापरवाही को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

