भिलाई । भिलाई के कल्याण महाविद्यालय सेक्टर-7 में शनिवार को गरबा महोत्सव के दौरान दो छात्रों के बीच विवाद हिंसक रूप ले लिया। आरोपी मुस्लिम छात्र ने आयोजन समिति से जुड़े हिंदू छात्र नागेश्वर यादव पर हमला कर उन्हें गंभीर चोटें पहुंचाईं। घटना के बाद कॉलेज परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
प्रवेश विवाद से शुरू हुआ झगड़ा
जानकारी के अनुसार, महोत्सव स्थल पर ABVP और बजरंग दल से जुड़े छात्रों ने स्वागत के लिए तिलक और गंगाजल का प्रबंध किया। इस दौरान आरोपी छात्र ने तिलक लगाने से इनकार कर दिया। आयोजकों ने उसे ग्राउंड में प्रवेश से रोक दिया। इस मामूली बहस ने अचानक हिंसक झड़प का रूप ले लिया और आरोपी ने मौके का फायदा उठाकर नागेश्वर यादव पर हमला कर दिया।
पुलिस ने तुरंत किया काबू
कॉलेज प्राचार्य ने पहले ही संभावित विवाद की सूचना पुलिस को दे दी थी। इसी कारण पुलिस बल पहले से ही परिसर में मौजूद था। घटना होते ही पुलिस ने तुरंत हस्तक्षेप कर माहौल को काबू में किया और आरोपी छात्र को हिरासत में ले लिया। घायल छात्र को तुरंत अस्पताल भेजा गया।
पिछले दिनों का तनाव भी बढ़ा मामला
सूत्रों का कहना है कि यह घटना अचानक नहीं हुई। महोत्सव को लेकर पिछले तीन दिनों से कॉलेज में तनाव का माहौल था। छात्रों के बीच आयोजन की अनुमति और प्रवेश को लेकर कई बार बहस हुई थी। इसी तनाव का नतीजा गरबा के दिन इस हिंसक झड़प के रूप में सामने आया।
राजनीतिक प्रतिक्रियाएं और विवाद का स्वरूप
आरोपी छात्र के समर्थन में NSUI के पदाधिकारी मौके पर पहुंचे। उनका दावा है कि यह केवल दो छात्रों का व्यक्तिगत विवाद है और इसे गलत तरीके से धार्मिक रंग दिया जा रहा है। NSUI प्रदेश महासचिव आकाश कन्नौजे ने आरोप लगाया कि आरोपी छात्र का करियर खराब करने के लिए झूठी FIR दर्ज कराई गई।
पुलिस का बयान
CSपी सत्यप्रकाश तिवारी ने बताया कि प्राचार्य ने पहले ही पुलिस को सूचना दी थी। पुलिस बल की मौजूदगी और त्वरित कार्रवाई के कारण घटना को बड़े स्तर पर फैलने से रोका जा सका। आरोपी से पूछताछ जारी है और मामले की जांच चल रही है।
नागेश्वर यादव ने आरोप लगाया कि आरोपी छात्र पहले से ही आयोजन में व्यवधान पैदा कर रहा था और जानबूझकर हमला किया। घटना ने कॉलेज परिसर में सुरक्षा और आयोजनों की प्रक्रिया पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।

