अंबिकापुर, 2 अक्टूबर।शहर में गुरुवार की शाम एक दिल दहला देने वाली वारदात हुई। पेट्रोल पंप पर काम कर रही युवती पर उसके पूर्व प्रेमी ने चाकू से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल युवती को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन देर रात उसकी मौत हो गई।
अचानक पहुंचा पूर्व प्रेमी
पुलिस के अनुसार भारती टोप्पो नामक युवती पिछले कुछ महीनों से पेट्रोल पंप पर काम कर रही थी। गुरुवार को जैसे ही वह ड्यूटी कर रही थी, तभी उसका पूर्व प्रेमी जोगेंद्र वहां पहुंचा। दोनों के बीच पुरानी कहासुनी को लेकर विवाद हुआ और अचानक युवक ने चाकू निकालकर युवती पर वार कर दिया।
स्थानीय लोगों ने दबोचा आरोपी
हमले के बाद युवती वहीं गिर पड़ी। पेट्रोल पंप कर्मचारी और आसपास के लोग हमलावर को पकड़ने दौड़े। बचने की कोशिश में वह पास की गली में घुसा और पीछा कर रहे लोगों पर एयर पिस्टल से डराने का प्रयास किया। हालांकि गली में मौजूद स्थानीय लोगों ने बहादुरी दिखाते हुए उसे काबू में कर लिया और तुरंत पुलिस को सूचना दी।
अस्पताल में तोड़ा दम
घायल भारती को मिशन अस्पताल में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों ने बताया कि उसे गंभीर चोटें आई थीं और लगातार प्रयासों के बावजूद उसकी जान नहीं बचाई जा सकी।
घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी जोगेंद्र को हिरासत में ले लिया। एएसआई नवल किशोर दुबे ने पुष्टि की कि आरोपी के पास से चाकू और एयर पिस्टल जब्त कर ली गई है। फिलहाल उससे पूछताछ जारी है।

