रायगढ़, 3 अक्टूबर। ज़िले के घरघोड़ा थाना क्षेत्र के रायकेरा गाँव में गुरुवार देर शाम दोहरी हत्या की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। गाँव के माझा पारा में 80 वर्षीय बुजुर्ग सुकमेत सिदार और उनके दामाद 60 वर्षीय लक्ष्मण सिदार की गला रेतकर बेरहमी से हत्या कर दी गई। वारदात में सुकमेत की बेटी भी गंभीर रूप से घायल हुई है, जिसे आनन-फानन में टिंगनी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहाँ उसका इलाज जारी है। इस वारदात के बाद पूरे गाँव में दहशत का माहौल है।
पुलिस पहुँची मौके पर
घटना की सूचना मिलते ही घरघोड़ा थाना प्रभारी कुमार गौरव ने देर रात धरमजयगढ़ एसडीओपी सिद्धांत तिवारी को मामले से अवगत कराया। एसडीओपी तिवारी ने तत्काल आवश्यक दिशा-निर्देश दिए और शुक्रवार सुबह थाना प्रभारी के साथ पुलिस बल मौके पर पहुँचकर जाँच शुरू कर दी। पुलिस ने आसपास के इलाके को घेराबंदी कर साक्ष्य जुटाए और ग्रामीणों से पूछताछ की।
दो संदिग्ध हिरासत में
प्रथम दृष्टया पुलिस ने मामले को हत्या मानते हुए मृतक लक्ष्मण सिदार के बेटे और गाँव के ही एक पड़ोसी को हिरासत में लिया है। दोनों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की सच्चाई सामने आने में अभी समय लगेगा। साथ ही मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों और वारदात की पूरी कहानी स्पष्ट हो सकेगी।
पैसों के विवाद की आशंका
ग्रामीणों के अनुसार, कुछ समय पहले सुकमेत सिदार को एनटीपीसी से मुआवज़ा राशि प्राप्त हुई थी। आशंका जताई जा रही है कि इसी पैसों के बंटवारे को लेकर परिवार के भीतर विवाद हुआ, और उसी ने यह खौफ़नाक रूप ले लिया। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं पर गंभीरता से जाँच कर रही है।
गाँव में भय का माहौल
रायकेरा गाँव में हुई इस दोहरी हत्या से ग्रामीण दहशत में हैं। लोग इस वारदात को लेकर आपस में चर्चा कर रहे हैं और गाँव में तरह-तरह की आशंकाएँ व्यक्त कर रहे हैं। पुलिस ने सुरक्षा के लिहाज से गाँव में गश्त बढ़ा दी है और लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है।
फिलहाल पुलिस जाँच जारी है और संदेहियों से पूछताछ के आधार पर जल्द ही पूरी वारदात से पर्दा उठने की उम्मीद जताई जा रही है।

