बलरामपुर। थाना राजपुर पुलिस ने सायबर ठगी के बड़े मामले में मुख्य आरोपी आशीष वर्मा पिता यज्ञनारायण वर्मा, निवासी ग्राम चैनपुर, थाना मनेंद्रगढ़, जिला मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर (MCB) को गिरफ्तार किया है। आरोपी को सायबर सेल की मदद से मनेंद्रगढ़ से पकड़ा गया।
पुलिस अधीक्षक बलरामपुर-रामानुजगंज के निर्देशन एवं पुलिस मुख्यालय रायपुर से मिले निर्देशों के परिपालन में, सायबर ठग एवं म्यूल खाता धारकों के विरुद्ध कार्रवाई के तहत यह बड़ी सफलता राजपुर पुलिस को मिली है।
बैंकों में संदिग्ध लेन-देन का खुलासा
जांच के दौरान राजपुर निवासी विशाल पैकरा के विभिन्न बैंकों — एसबीआई, सेंट्रल बैंक एवं यूनियन बैंक — के खातों में संदिग्ध लेन-देन की जानकारी प्राप्त हुई।
अवलोकन पर पाया गया कि आरोपी के
एसबीआई खाते (34388388) में ₹2,11,868,
सेंट्रल बैंक खाते (4023420634) में ₹6,67,502,
तथा यूनियन बैंक खाते (79602010001648) में ₹66,461
की ऑनलाइन ठगी के माध्यम से अवैध लेन-देन किया गया था।
कुल राशि ₹9,45,787/- पाई गई।
इस तरह चल रहा था ठगी का रैकेट
आरोपी विशाल पैकरा ने अपने सहयोगी आशीष वर्मा के साथ मिलकर अलग-अलग राज्यों के लोगों से ठगी की राशि अपने बैंक खातों में मंगवाई।
मुख्य आरोपी आशीष वर्मा, विशाल पैकरा को कमीशन का लालच देकर उसके तीनों खातों में ठगी की रकम ट्रांसफर करवाता था। इसके बाद विशाल पैकरा अपने कमीशन काटकर बाकी रकम को राजपुर के CSC सेंटर से QR कोड स्कैन कर आशीष वर्मा के खाते में ट्रांसफर करता था।
एक जेल में, दूसरा अब गिरफ्तार
पूर्व में विशाल पैकरा को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा जा चुका है। वहीं मुख्य आरोपी आशीष वर्मा फरार था, जिसकी लगातार निगरानी सायबर सेल द्वारा की जा रही थी।
पुलिस टीम ने सायबर सेल की मदद से आरोपी आशीष वर्मा को मनेंद्रगढ़ से गिरफ्तार कर लिया। उसके खिलाफ साक्ष्य एवं ठोस सबूतों के आधार पर विधिवत कार्रवाई की जा रही है।

