24 घंटे बिजली की सुविधा , तेंदुए के हमले से डरे ग्रामीणों ने जताई राहत की उम्मीद

जंगल से घिरे बोराई क्षेत्र में बन रहा विद्युत सब स्टेशन, अब नहीं रहेगा अंधेरे का डर

धमतरी। विकासखंड नगरी के अंतर्गत आने वाले ग्राम बोराई में विद्युत सब सेंटर का निर्माण कार्य तेजी से जारी है। यह क्षेत्र पूरी तरह से घने जंगलों से घिरा हुआ है, जिसमें घुटकेल, मोतिमडिह, एकावारी, मैनपुर, बनियाडिह, कारीपानी, बुडरा, बोराई और कोटपारा जैसे गांव शामिल हैं। इन सभी गांवों में लंबे समय से विद्युत समस्या बनी हुई थी। बिजली गुल होते ही पूरा इलाका अंधकार में डूब जाता है और जंगली जानवरों के भय से ग्रामीणों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है।

करीब कुछ दिन पहले कारीपानी गांव में एक गाय को तेंदुए ने अपना शिकार बना लिया था, वहीं घुटकेल गांव में एक बकरे पर जंगली जानवरों ने हमला कर दिया। इससे ग्रामीणों में डर का माहौल है। अंधेरे के कारण शाम ढलते ही बोराई से नगरी जाने वाले मार्ग पर आवागमन करने वाले लोगों को खतरा महसूस होता है।

बिजली की लगातार कटौती से काम प्रभावित

ग्रामीणों का कहना है कि बिजली की लगातार कटौती से बच्चों की पढ़ाई प्रभावित होती है और किसानों को सिंचाई के कार्य में भी कठिनाई का सामना करना पड़ता है। इस गंभीर समस्या को देखते हुए बोराई क्षेत्र संघर्ष समिति के प्रतिनिधियों ने विद्युत विभाग के अधिकारियों एवं शासन को प्रस्ताव भेजा था।

विद्युत सब सेंटर के निर्माण कार्य की शुरुआत

लगातार प्रयासों के बाद अब बोराई क्षेत्र में विद्युत सब सेंटर के निर्माण कार्य की शुरुआत हो चुकी है। निर्माण कार्य वर्तमान में तेजी से प्रगति पर है। अधिकारियों का कहना है कि सब सेंटर के पूर्ण हो जाने के बाद इन सभी ग्रामीण इलाकों में 24 घंटे सुचारू बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जाएगी।

सुरेंद्र कुमार नेताम सरपंच ग्राम पंचायत ने मैनपुर ने इस पहल का स्वागत करते हुए कहा कि विद्युत सब सेंटर बन जाने से क्षेत्रवासियों को न सिर्फ अंधेरे और जंगली जानवरों के खतरे से राहत मिलेगी, बल्कि बच्चों की शिक्षा और किसानों की खेती में भी नई रोशनी आएगी। ग्रामीणों को उम्मीद है कि जल्द ही बोराई क्षेत्र पूरी तरह से बिजली की रोशनी में जगमगाएगा।

Back To Top