दो आरोपी गिरफ्तार कर जेल भेजे गए
जशपुर ।पुलिस को “ऑपरेशन आघात” के तहत नशे के खिलाफ कार्रवाई में एक बड़ी सफलता मिली है। थाना पत्थलगांव पुलिस ने दो युवकों को प्रतिबंधित नशीली कैप्सूल SPASMO PROXYVON PIUS के साथ गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 30 पत्ता (720 नग) प्रतिबंधित कैप्सूल तथा एक सफेद रंग की एक्टिवा स्कूटी (CG 13-AS-4048) जब्त की है। जब्त कैप्सूल की अनुमानित कीमत लगभग ₹10,000 बताई गई है।
गिरफ्तार आरोपी
• राशिद अली (22 वर्ष), निवासी ग्राम बिलाई टांगर, थाना पत्थलगांव, जिला जशपुर (छ.ग.)
• लक्की अंसारी (21 वर्ष), निवासी ग्राम प्रेमनगर, थाना पत्थलगांव, जिला जशपुर (छ.ग.)
घेराबंदी कर धर दबोचा
दिनांक 06.10.2025 को पत्थलगांव पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि दोनों युवक स्कूटी में नशीली कैप्सूल लेकर तिलडेगा चौक के पास बिक्री के लिए ग्राहक तलाश रहे हैं। सूचना पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में पुलिस टीम मौके पर पहुंची।
दोनों संदिग्ध पुलिस को देखकर भागने का प्रयास करने लगे, लेकिन घेराबंदी कर धर दबोचा गया। तलाशी लेने पर स्कूटी की डिक्की से 30 पत्ता में 720 नग प्रतिबंधित SPASMO PROXYVON PIUS कैप्सूल बरामद किए गए। दोनों आरोपी वैध दस्तावेज नहीं दिखा सके, जिसके बाद उन्हें हिरासत में लिया गया।
औषधि निरीक्षक द्वारा परीक्षण रिपोर्ट में कैप्सूल को नशीला व प्रतिबंधित पदार्थ घोषित किए जाने पर पुलिस ने सामग्री व स्कूटी को जब्त कर आरोपियों को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपियों ने अपराध स्वीकार किया, जिसके बाद उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया।
मामले में थाना प्रभारी पत्थलगांव निरीक्षक विनीत कुमार पांडे, उप निरीक्षक कृपा दान लकड़ा, आरक्षक राजेंद्र रात्रे, आलोक मिंज एवं वीरेंद्र यादव की भूमिका महत्वपूर्ण रही।
नशे के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर शशि मोहन सिंह ने बताया कि ऑपरेशन आघात के तहत नशे के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। पत्थलगांव क्षेत्र में प्रतिबंधित कैप्सूल के साथ दो आरोपियों की गिरफ्तारी जशपुर पुलिस की सतर्कता का प्रमाण है।
उन्होंने कहा कि नशे के अवैध कारोबार में संलिप्त किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा। ऑपरेशन आघात जारी रहेगा।

