विश्व मानक दिवस पर सराफा एसोसिएशन ने रखी स्वर्णकला बोर्ड गठन की मांग ,मुख्यमंत्री ने दिया सकारात्मक आश्वासन


“गुणवत्ता ही आत्मनिर्भर भारत की पहचान:मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय

रायपुर। राजधानी रायपुर के पंडित दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में आयोजित विश्व मानक दिवस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि “गुणवत्ता ही आत्मनिर्भर भारत की वास्तविक पहचान है।” उन्होंने कहा कि हर क्षेत्र में मानकों का पालन पारदर्शिता, उपभोक्ता अधिकारों की सुरक्षा और नवाचार के लिए आवश्यक है।

मुख्यमंत्री ने भारतीय मानक ब्यूरो (बीआईएस) के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि बीआईएस का हॉलमार्क अब उपभोक्ता विश्वास का प्रतीक बन चुका है। उन्होंने उपस्थित जनसमूह को “गुणवत्ता शपथ” दिलाई और कहा कि मानक केवल नियम नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण की रीढ़ हैं।

कार्यक्रम में खाद्य मंत्री दयालदास बघेल ने कहा कि “जागो ग्राहक जागो” का संदेश समाज में गुणवत्ता और सजगता की पहचान बन चुका है।

छत्तीसगढ़ में सुनारी कला बोर्ड की आवश्यकता


विशेष रूप से छत्तीसगढ़ ज्वेलर्स एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष कमल सोनी ने मुख्यमंत्री के समक्ष सराफा उद्योग के हित में स्वर्णकला बोर्ड गठन की मांग रखी। उन्होंने कहा कि जैसे मध्यप्रदेश और राजस्थान में स्वर्णकला बोर्ड हैं, वैसे ही छत्तीसगढ़ में भी सुनारी कला और कारीगरों के संरक्षण के लिए बोर्ड की आवश्यकता है।

कमल सोनी ने बताया कि बीआईएस हॉलमार्क व्यवस्था लागू होने से प्रदेश के सराफा व्यापार में पारदर्शिता और उपभोक्ता विश्वास दोनों बढ़े हैं। उन्होंने कहा कि यह व्यवस्था व्यापारियों और ग्राहकों के बीच भरोसे की नई नींव रख रही है।

शीघ्र निर्णय लेगी सरकार


मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने इस मांग को लोकहित से जुड़ा विषय बताते हुए सकारात्मक आश्वासन दिया कि सरकार इस पर शीघ्र निर्णय लेगी। उन्होंने कहा कि सराफा व्यवसाय से जुड़ी नीतियों को सरल और पारदर्शी बनाया जाएगा, ताकि व्यापार को नई गति मिल सके।

कमल सोनी ने मुख्यमंत्री को प्रदेश के सराफा व्यवसायियों की ओर से धन्यवाद देते हुए कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में गुणवत्ता, पारदर्शिता और विश्वास पर आधारित व्यापारिक वातावरण निर्मित होगा।

कार्यक्रम में एनआईटी रायपुर के निदेशक एन. व्ही. रमन्ना राव, चेम्बर ऑफ कॉमर्स अध्यक्ष सतीश थोरानी, कैट अध्यक्ष परमानंद जैन, इस्पात प्राधिकरण के कार्यकारी निदेशक ए. के. चक्रवर्ती और स्टील रिरोलर्स संघ अध्यक्ष संजय त्रिपाठी सहित अनेक गणमान्य उपस्थित रहे।

Back To Top