आरोपी जशपुर पुलिस की पकड़ में, चेन्नई से गिरफ्तार कर भेजा गया जेल
जशपुर। साइबर ठगी के बढ़ते मामलों के बीच जशपुर पुलिस ने एक महत्वपूर्ण सफलता हासिल की है। पुलिस ने किराए पर बैंक खाता (म्यूल अकाउंट) देकर ऑनलाइन ठगी में मदद करने वाले एक आरोपी को चेन्नई से गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा है।
पुलिस की जानकारी के अनुसार वर्ष 2024 में चौकी आरा क्षेत्रांतर्गत ग्राम टुकुटोली निवासी प्रार्थी राजू साय (50 वर्ष) को एक अज्ञात व्हाट्सऐप नंबर से पीएम किसान निधि योजना से जुड़ा झांसा देकर ठगों ने एक एप लिंक भेजा था। लिंक पर क्लिक करते ही उसके खाते से कुल ₹2,35,000 की रकम उड़ा ली गई।
प्रार्थी की रिपोर्ट पर चौकी आरा में बी.एन.एस. की धारा 318, 318(4) व 120(बी) के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना प्रारंभ की गई।
जांच में खुलासा
टेक्निकल विश्लेषण के दौरान यह पाया गया कि प्रार्थी के खाते से की गई राशि असम राज्य के केनरा बैंक और एक्सिस बैंक के खातों में ट्रांसफर की गई थी। इनमें से एक खाता जहुरुल इस्लाम नामक व्यक्ति का था, जिसके खाते में ₹50,000 का लेनदेन हुआ था। जांच से यह भी पता चला कि राशि झारखंड के धनबाद से एटीएम के माध्यम से निकाली गई।
आरोपी चेन्नई से गिरफतार
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देश पर गठित विशेष टीम ने आरोपी जहुरुल इस्लाम (उम्र 23 वर्ष, निवासी राजीव नगर, थाना बागबहोर, जिला बरपेटा, असम) को चेन्नई से गिरफ्तार किया। आरोपी ने पूछताछ में स्वीकार किया कि उसने वर्ष 2024 में एक्सिस बैंक में अपना खाता खोला था और पासबुक, एटीएम कार्ड व चेकबुक अपने परिचित को किराए पर दे दी थी, जिसके माध्यम से ठगी की रकम का लेनदेन किया गया।
पुलिस ने आरोपी के मोबाइल फोन व सिम कार्ड जब्त कर लिए हैं तथा अन्य आरोपियों की पहचान कर ली गई है। शीघ्र ही उन्हें भी गिरफ्तार किया जाएगा।
क्या है म्यूल अकाउंट
ऐसे खाते जिनके धारक अपने बैंक खाते को अपराधियों को किराए पर दे देते हैं, उन्हें म्यूल अकाउंट कहा जाता है। अपराधी इन खातों का उपयोग ठगी, मनी लॉन्ड्रिंग और अन्य अवैध लेनदेन में करते हैं। खाताधारक को इसके बदले निश्चित रकम दी जाती है, लेकिन यह भी अपराध की श्रेणी में आता है।
जशपुर पुलिस की कार्रवाई:
जशपुर पुलिस ने पहले भी दुलदुला, कुनकुरी, जशपुर और पत्थलगांव क्षेत्र में म्यूल अकाउंट से जुड़े कई आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा है। पुलिस अब ऐसे खाताधारकों की निगरानी और अधिक सख्ती से कर रही है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह जशपुर
“चौकी आरा क्षेत्र के एक व्यक्ति से ऑनलाइन ठगी के मामले में आरोपी को चेन्नई से गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है। पुलिस किराए पर बैंक खाता देने वालों पर निरंतर नजर रखे हुए है। फरार अन्य आरोपियों की तलाश जारी है, जिन्हें शीघ्र गिरफ्तार किया जाएगा।” चौकी प्रभारी आरा सहायक उप निरीक्षक चंद्रप्रकाश त्रिपाठी, आरक्षक कलेश्वर और अरुण तिग्गा की भूमिका सराहनीय रही।

