जशपुरनगर।18 अक्टूबर 2025।धनतेरस के दिन जशपुर में एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे शहर को स्तब्ध कर दिया। जिला मुख्यालय जशपुर के समीप ग्राम बालाछापर में शनिवार सुबह लगभग 11 बजे तेज रफ्तार हैरियर कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई। हादसे में शहर के प्रसिद्ध कपड़ा कारोबारी और ठेकेदार कनक चिंडालिया के बेटे चेतन जैन की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनके तीन साथी गंभीर रूप से घायल हो गए।
घूमने निकले थे चार दोस्त
मिली जानकारी के अनुसार चेतन जैन अपने दोस्तों प्रांजल दास, प्रिशु ठाकुर और हिमांशु के साथ जशपुर से गम्हरिया होते हुए बालाछापर की ओर घूमने निकले थे। रास्ते में कार की रफ्तार अधिक होने से चालक का नियंत्रण बिगड़ गया और वाहन सीधे सड़क किनारे पेड़ से जा टकराया। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार का आगे का हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
अस्पताल में उमड़ी भीड़
घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस और 108 एंबुलेंस मौके पर पहुंची। चारों घायलों को जिला अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टरों ने चेतन जैन को मृत घोषित कर दिया।
घायलों में प्रांजल दास का एक पैर कट जाने और दूसरे में गहरी चोट आने की सूचना है। उसकी नाजुक हालत को देखते हुए उसे रांची रेफर कर दिया गया है। वहीं, प्रिशु ठाकुर और हिमांशु को भी गंभीर चोटें आई हैं।
हादसे की खबर फैलते ही जिला अस्पताल में लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। शहर के व्यापारिक समुदाय और स्थानीय नागरिकों ने हादसे पर गहरा शोक व्यक्त किया।

