भिलाई में क्रूरता की हद: कार चालक ने कुत्ते को कुचल डाला, वीडियो वायरल

भिलाई।कोहका बजरंग चौक में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। सड़क किनारे बैठे एक कुत्ते पर कार चालक ने जानबूझकर वाहन चढ़ा दिया। यह पूरी घटना पास लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई।

बुधवार रात करीब 10 बजे सफेद रंग की कार तेज रफ्तार में आई और अचानक मोड़ लेते हुए कुत्ते को कुचल दिया। हादसे के बाद चालक बिना रुके मौके से फरार हो गया।

वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होते ही स्थानीय लोगों और डॉग लवर्स में आक्रोश फैल गया। लोगों ने आरोपी चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

घायल कुत्ते को आसपास के लोगों ने तुरंत पशु चिकित्सक के पास पहुंचाया। डॉक्टरों के अनुसार उसकी हालत स्थिर है, लेकिन शरीर पर गंभीर चोटें आई हैं।

फिलहाल पुलिस में इस मामले की औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं की गई है, क्योंकि वीडियो में कार का नंबर स्पष्ट रूप से दिखाई नहीं दे रहा है।

स्थानीय लोगों ने बताया कि बजरंग चौक जैसे घनी आबादी वाले क्षेत्र में तेज रफ्तार और लापरवाहीपूर्ण ड्राइविंग आम बात हो गई है। उन्होंने प्रशासन से निगरानी बढ़ाने और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान करने की मांग की है।

डॉग लवर्स संगठनों ने इसे पशु क्रूरता अधिनियम के तहत गंभीर अपराध बताते हुए जल्द कार्रवाई न होने पर कानूनी कदम उठाने की चेतावनी दी है। उन्होंने लोगों से अपील की है कि ऐसी घटनाओं पर चुप न रहें और आवाज उठाएं।

Back To Top