तिल्दा नेवरा वीरेंद्र साहु । प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ के नवीनतम संस्करण का रविवार को तिल्दा नेवरा में उत्साहपूर्वक श्रवण किया गया।
कार्यक्रम का आयोजन विधायक कार्यालय तिल्दा नेवरा में किया गया, जहां बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।
प्रधानमंत्री मोदी ने अपने संबोधन में छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर नगर निगम की अभिनव पहल ‘गार्बेज कैफे’ का उल्लेख करते हुए इसे स्वच्छता अभियान का प्रेरणास्रोत बताया। उन्होंने कहा कि स्वच्छता केवल सफाई का कार्य नहीं, बल्कि जनभागीदारी और आत्मनिर्भरता की दिशा में एक सशक्त कदम है। प्रधानमंत्री के इस उल्लेख से छत्तीसगढ़ के लोगों में गर्व और उत्साह का माहौल देखा गया।
इस अवसर पर प्रदेश सरकार में मंत्री टांकराम वर्मा, नगर पालिका परिषद तिल्दा नेवरा की अध्यक्ष श्रीमती चन्द्रकला वर्मा, डॉ. खुमान वर्मा सहित अनेक वरिष्ठ भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
विधायक कार्यालय में आयोजित इस कार्यक्रम के दौरान कार्यकर्ताओं ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी का ‘मन की बात’ देश के हर नागरिक को समाज निर्माण के लिए प्रेरित करती है।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित जनों ने प्रधानमंत्री के संदेशों को गांव-गांव तक पहुंचाने और स्वच्छता अभियान को जनांदोलन बनाने का संकल्प लिया।

