तिल्दा ब्लॉक, विरेन्द्र् साहू । प्रदेश के औद्योगिक क्षेत्र बैकुंठ (तिल्दा नेवरा ब्लॉक) स्थित अल्ट्राटेक सीमेंट संयंत्र में कार्यरत लगभग 1500 मजदूर पिछले 20 दिनों से आमरण अनशन पर बैठे हुए हैं, लेकिन अब तक न तो कंपनी प्रबंधन और न ही प्रशासन की ओर से उनकी समस्याओं पर कोई ठोस पहल की गई है।
मजदूरों ने आरोप लगाया है कि प्रबंधन उनकी न्यायोचित मांगों को अनसुना कर रहा है और संवाद से बच रहा है। स्थिति दिन-प्रतिदिन गंभीर होती जा रही है, वहीं मजदूरों के समर्थन में राष्ट्रीय उपभोक्ता संरक्षण फोरम और नरेंद्र मोदी विचार मंच के पदाधिकारियों ने एकजुट होकर आंदोलन को समर्थन देने की घोषणा की है।
धरना स्थल पहुंचकर प्रदेश महासचिव (छत्तीसगढ़) दास साहू, जिला अध्यक्ष श्रीमती आशा देवी साहू, वरिष्ठ जिला अध्यक्ष श्रीमती पुनम देवांगन, प्रदेश मीडिया प्रभारी किशोर साहू, तहसील अध्यक्ष मोहन साहू, महिला मोर्चा की जिला अध्यक्ष श्रीमती अंजलि आलोक दुबे, मंडल अध्यक्ष अशोक कुमार यादव, एवं शहर अध्यक्ष भावेश कुमार साहू ने मजदूरों की मांगों को पूर्णतः जायज और संवेदनशील बताया।
उन्होंने कंपनी प्रबंधन और जिला प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप की मांग करते हुए कहा कि मजदूरों की समस्याओं का समाधान संवाद और सहानुभूति से किया जाए।
मजदूरों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द उनकी मांगों पर निर्णय नहीं हुआ तो वे मुख्यमंत्री निवास के सामने आत्मदाह करने को बाध्य होंगे।
प्रदेश महासचिव दास साहू ने कहा कि 20 दिनों से जारी इस अनशन पर शासन की चुप्पी चिंता का विषय है। यदि समय रहते पहल नहीं हुई, तो यह मामला राज्यव्यापी जन आंदोलन का रूप ले सकता है।

