
हजारीबाग (झारखंड), 28 अक्टूबर 2025।जिले के कटकमसांडी प्रखंड के शाहपुर पंचायत अंतर्गत झारदाग गांव में मंगलवार दोपहर एक दर्दनाक हादसे ने पूरे गांव को दहला दिया। तालाब में डूबने से एक ही परिवार की चार बच्चियों की मौत हो गई। यह हादसा उस समय हुआ जब चारों बच्चियां छठ पूजा संपन्न होने के बाद कपड़ा धोने तालाब पर गई थीं।
ग्रामीणों के अनुसार, कपड़ा धोते समय एक बच्ची का पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में चली गई। उसे बचाने के प्रयास में बाकी तीनों भी तालाब में उतर गईं और देखते-देखते चारों बच्चियां डूब गईं। आसपास के लोगों ने जब यह मंजर देखा तो तुरंत उन्हें बचाने की कोशिश की, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी।
मृत बच्चियों की पहचान पूजा कुमारी (20 वर्ष), रिंकी कुमारी (16 वर्ष), साक्षी कुमारी (16 वर्ष) और रिया कुमारी (14 वर्ष) के रूप में हुई है। चारों एक ही परिवार से थीं। इस घटना से परिवार के साथ-साथ पूरा गांव शोक में डूब गया। हर ओर मातम और सन्नाटा पसरा हुआ है।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीणों ने पुलिस को इसकी जानकारी दी। पुलिस दल मौके पर पहुंचा और चारों शवों को बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल, हजारीबाग भेज दिया गया। इस दर्दनाक हादसे की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण अस्पताल पहुंचे और परिजनों को सांत्वना दी।
हजारीबाग सांसद मनीष जायसवाल ने हादसे पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए कहा कि यह अत्यंत दुःखद घटना है, हर संभव सरकारी सहायता मृतक परिवारों को दिलाई जाएगी। आपदा प्रबंधन विभाग के माध्यम से प्रत्येक मृतक परिवार को ₹4 लाख की आर्थिक मदद उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है।
वहीं, सदर विधायक प्रदीप प्रसाद भी घटनास्थल पहुंचे और शोक संतप्त परिवारों को ढांढस बंधाया। उन्होंने प्रशासन से मृतकों के परिजनों को त्वरित राहत राशि देने की मांग की।
इस हृदयविदारक घटना ने पूरे क्षेत्र को गमगीन कर दिया है। ग्रामीणों का कहना है कि तालाब की गहराई अधिक है और वहां सुरक्षा की कोई व्यवस्था नहीं है। लोगों ने प्रशासन से आग्रह किया है कि तालाब के चारों ओर सुरक्षा रेलिंग और चेतावनी पट्ट लगाई जाए ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाएं दोबारा न हों।

