नाबालिग से दुष्कर्म कर अश्लील फोटो सोशल मीडिया पर कर दी वायरल

आरोपी डर से फरार पुणे में गिरफ्तार

मुंगेली, 29 अक्टूबर 2025।नाबालिग बालिका के साथ दुष्कर्म कर उसकी अश्लील तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल करने वाले आरोपी को मुंगेली पुलिस ने महाराष्ट्र के पुणे से गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक एंड्रॉइड मोबाइल फोन भी जब्त किया है।

पुलिस के अनुसार, दिनांक 25 सितंबर 2025 को पीड़िता के पिता ने थाना सिटी कोतवाली मुंगेली में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि आरोपी आशीष वर्मा पिता चैनदास वर्मा (22 वर्ष), निवासी नवागांव चीनू, थाना सिटी कोतवाली मुंगेली, ने उसकी नाबालिग बेटी की आपत्तिजनक फोटो इंस्टाग्राम अकाउंट के जरिए सोशल मीडिया पर वायरल कर दी है।

रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 428/2025 दर्ज कर धारा 67(B) आईटी एक्ट एवं धारा 79 बीएनएस के तहत मामला पंजीबद्ध किया।

पीड़िता का बयान और मेडिकल परीक्षण

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल ने अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुश्री नवनीत कौर छाबड़ा और एसडीओपी मयंक तिवारी के पर्यवेक्षण में विशेष जांच टीम (SIT) गठित की।
महिला पुलिस अधिकारी की मौजूदगी में पीड़िता का बयान दर्ज किया गया और जिला अस्पताल मुंगेली में उसका चिकित्सीय परीक्षण कराया गया।

बयान के दौरान पीड़िता ने बताया कि आरोपी ने उसके साथ दुष्कर्म किया और उसके बाद उसकी अश्लील तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल कर दीं।
डॉक्टरी रिपोर्ट और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर प्रकरण में धारा 64(च)(झ)(ड) बीएनएस तथा धारा 4, 6 पॉक्सो एक्ट भी जोड़ी गई।

पुणे से की गई गिरफ्तारी

तकनीकी साक्ष्य और मुखबिर तंत्र की मदद से पुलिस ने आरोपी को पुणे (महाराष्ट्र) से गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी ने अपराध स्वीकार किया। पुलिस ने आरोपी के पास से एक एंड्रॉइड मोबाइल फोन गवाहों की मौजूदगी में जब्त किया।

आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर 28 अक्टूबर 2025 को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

कार्रवाई में शामिल अधिकारी

इस कार्रवाई में निरीक्षक कार्तिकेश्वर जांगड़े, प्रआर. मनोज सिंह ठाकुर, रवि जांगड़े, नोखेलाल कुर्रे, आरक्षक विकास ठाकुर, रवि श्रीवास एवं महिला आरक्षक वृन्द्रा पंद्राम की सराहनीय भूमिका रही।

Back To Top