कटर से सीने और गले पर वार, युवक की गई जान

नगरी ,सिहावा पुलिस ने फरार आरोपी को चंद घंटों में किया गिरफ्तार

by ।चैन सिंह गहने

नगरी/धमतरी, 2 नवंबर। नगरी थाना क्षेत्र के ग्राम छिपली में रविवार शाम शराब के नशे में हुए विवाद ने खौफनाक रूप ले लिया। मामूली कहासुनी के बाद एक युवक ने अपने साथी की धारदार कटर से हत्या कर दी।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मृतक सुयश उर्फ सन्नी लहरे (33) अपने परिचित कुलेश्वर विश्वकर्मा (25) के साथ बैठा था। इसी दौरान दोनों में गाली-गलौज को लेकर झगड़ा हुआ। गुस्से में आकर आरोपी कुलेश्वर ने पास में रखे कटर से सुयश के सीने और गले पर ताबड़तोड़ वार कर दिया।

गंभीर रूप से घायल सुयश को अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी नगरी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की।

घटना के बाद फरार आरोपी को नगरी और सिहावा पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में चंद घंटों में गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी के खिलाफ धारा 103(1) भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है।

पुलिस ने घटना में प्रयुक्त हथियार (कटर) भी जब्त कर लिया है।

Back To Top