धमतरी कलेक्ट्रेट में युवक ने की आत्मदाह की कोशिश

पुश्तैनी जमीन विवाद में कार्रवाई न होने से नाराज युवक ने उड़ेला केरोसिन,

धमतरी। पुश्तैनी जमीन विवाद से परेशान एक युवक ने सोमवार को कलेक्ट्रेट परिसर में खुद पर केरोसिन उड़ेलकर आत्मदाह की कोशिश की। मौके पर तैनात सुरक्षाकर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए उसे पकड़ लिया, जिससे बड़ी अनहोनी टल गई। घटना के बाद कुछ समय के लिए कलेक्ट्रेट परिसर में अफरा-तफरी मच गई।

जानकारी के अनुसार, भखारा क्षेत्र के ग्राम रामपुर निवासी देवेंद्र कुमार साहू सोमवार को अपनी शिकायत लेकर कलेक्टर जनदर्शन कार्यक्रम में पहुंचा था। युवक का आरोप है कि उसके पिता की मृत्यु के बाद गांव के कोटवार ने जमीन के दस्तावेजों में गड़बड़ी की है और उसकी पुश्तैनी संपत्ति को अपने नाम करवाने की कोशिश की है।

देवेंद्र का कहना है कि उसने कई बार राजस्व विभाग और तहसील कार्यालय में आवेदन दिए, लेकिन अधिकारियों ने उसकी शिकायत पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं की। बार-बार दरवाजे खटखटाने के बावजूद जब न्याय नहीं मिला, तो वह मानसिक रूप से परेशान हो गया। इसी आक्रोश में उसने सोमवार को कलेक्ट्रेट परिसर के बाहर खुद पर केरोसिन उड़ेल लिया और आग लगाने की कोशिश करने लगा।

मौके पर मौजूद सुरक्षा गार्डों ने तुरंत दौड़कर युवक से केरोसिन की बोतल छीनी और उसे पकड़ लिया। इसके बाद उसे कलेक्ट्रेट परिसर से हटाकर सुरक्षित स्थान पर ले जाया गया। सूचना मिलते ही रुद्री थाना पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की।

इस घटना के बाद जनदर्शन में पहुंचे अन्य फरियादियों में भी हड़कंप मच गया। लोग प्रशासनिक लापरवाही को जिम्मेदार ठहराते हुए कह रहे थे कि अगर शिकायतों पर समय पर कार्रवाई होती, तो ऐसी नौबत नहीं आती।

Back To Top