ट्रॉली के नीचे बने गुप्त चेंबर में छिपाकर ले जा रहें गांजा

बलरामपुर। अवैध नशीले पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध थाना कोतवाली पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने एक ट्रैक्टर-ट्रॉली से 106.60 किलोग्राम गांजा बरामद कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। बरामद मादक पदार्थ की कीमत करीब 5 लाख रुपये आंकी गई है। आरोपी इजहार आलम (24 वर्ष), निवासी जिला रोहतास, बिहार बताया गया है।

पुलिस के अनुसार, ट्रैक्टर की ट्रॉली के नीचे टीन प्लेट वेल्डिंग कर गुप्त चेंबर तैयार किया गया था, जिसमें गांजा छिपाकर उड़ीसा से सासाराम (बिहार) ले जाया जा रहा था। सूचना मिलने पर थाना प्रभारी निरीक्षक भापेंद्र साहू के नेतृत्व में टीम ने रात में नाकाबंदी की। इसी दौरान लाल रंग का महिंद्रा ट्रैक्टर (पीली ट्रॉली सहित) अंबिकापुर की ओर से आते देखा गया। वाहन को रोककर जांच की गई तो ट्रॉली के नीचे बने चेंबर में 75 पैकेट्स में भरा हुआ गांजा मिला, जिसका वजन 106.60 किलोग्राम निकला।

बरामद मादक पदार्थ को मौके पर ही 8 बोरियों में भरकर सीलबंद किया गया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर अपराध क्रमांक 161/2025 धारा 20(ख)(ii)(ग) एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया। जब्त ट्रैक्टर-ट्रॉली की कीमत लगभग 7 लाख रुपये बताई जा रही है।

यह कार्रवाई पुलिस महानिरीक्षक सरगुजा रेंज दीपक कुमार झा (भा.पु.से.) के मार्गदर्शन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विश्वदीपक त्रिपाठी के निर्देशन में की गई। पुलिस ने बताया कि जिले में नशे के अवैध कारोबार की रोकथाम के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है।

कार्यवाही में निरीक्षक भापेंद्र साहू, सहायक उपनिरीक्षक राधेश्याम विश्वकर्मा, प्रधान आरक्षक शिपक शर्मा, श्रीनाथ सिंह, शैलेंद्र तिवारी, आरक्षक महेंद्र गुप्ता, सचिंद्र सिंह, बिंदु यादव और दलसाय श्यामले की विशेष भूमिका रही।

पुलिस का कहना है कि आरोपी से पूछताछ जारी है और इस तस्करी गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की तलाश की जा रही है। जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ पुलिस की यह कार्रवाई कठोर और प्रभावी कानून प्रवर्तन का उदाहरण है।

Back To Top